कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई ने बैंककर्मी की हत्या की निंदा की और कहा: घाटी में हालात गंभीर

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 02 Jun 2022 03:16 PM
कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई ने बैंककर्मी की हत्या की निंदा की और कहा: घाटी में हालात गंभीर
ऑडियो सुनें

जम्मू. कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई ने बृहस्पतिवार को घाटी में राजस्थान के एक बैंक कर्मचारी की आतंकवादियों द्वारा हत्या किए जाने की ंिनदा की और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कथित विफलता के लिए केंद्र की आलोचना की। आतंकवादियों ने कश्मीर के कुलगाम जिले में राजस्थान के विजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। एक मई से घाटी में यह आठवीं लक्षित हत्या है। विजय कुमार तीसरे गैर-मुस्लिम सरकारी कर्मचारी हैं, जिनकी आतंकवादियों ने हत्या की है।

अधिकारियों ने बताया कि कुमार, दक्षिण कश्मीर जिले में इलाकाई देहाती बैंक की अरेह मोहनपोरा शाखा में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता रवीन्द्र शर्मा ने कहा, ‘‘पार्टी विजय कुमार की हत्या पर गहरा दुख और उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह घटना कश्मीर में निर्दोष लोगों की जान बचाने के लिए तत्काल और प्रभावी उपायों की मांग करती है।’’ कश्मीर में सुरक्षा स्थिति को ‘‘बेहद गंभीर’’ बताते हुए, उन्होंने कहा कि देश कब तक घाटी में निर्दोष लोगों की, विशेष रूप से अल्पसंख्यकों की लक्षित हत्या को बर्दाश्त करेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन कश्मीर में हालात सामान्य होने के दावे करता है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार कश्मीर में आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है, जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम निर्दोष लोगों की हत्याओं को रोकने के लिए एक तत्काल और प्रभावी रणनीति की मांग करते हैं।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav