चुनाव के बाद पीओके भी जम्मू-कश्मीर का हिस्सा होगा: योगी आदित्यनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Sep 2024 10:21 PM
चुनाव के बाद पीओके भी जम्मू-कश्मीर का हिस्सा होगा: योगी आदित्यनाथ

ऑडियो सुनें

जम्मू. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने पर पीओके भी जम्मू-कश्मीर का हिस्सा बन जाएगा. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) पाकिस्तान से अलग होने की जोर-शोर से आवाज उठा रहा है. उन्होंने कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों के लोगों ने देखा है कि कैसे जम्मू-कश्मीर में उत्सव के माहौल में शांतिपूर्ण चुनाव हो रहे हैं और मौजूदा सरकार ने यह माहौल बनाया है.

आदित्यनाथ ने आर एस पुरा इलाके में एक रैली में कहा, ”शांतिपूर्ण चुनावों के जरिए भाजपा के सत्ता में आने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भी जम्मू कश्मीर का हिस्सा बनने जा रहा है. पाकिस्तान में हंगामा मचा हुआ है, वे अपने लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.” पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ”देश टूट रहा है.” आदित्यनाथ ने कहा, ”पाकिस्तान अपने लोकतंत्र की रक्षा करने में विफल रहा है. पाकिस्तान में आटा अब 500 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 80 करोड़ भारतीयों को मुफ्त राशन और पांच लाख रुपये तक की मुफ्त स्वास्थ्य सेवा प्रदान करते हैं. पाकिस्तान डूब रहा है, लेकिन भारत आगे बढ. रहा है. पाकिस्तान एक डूबता हुआ जहाज है.”

उन्होंने कहा, ”एक तरफ भारत है और दूसरी तरफ पाकिस्तान, वहां खाने की कमी है, स्वाभाविक है कि भिखारी पाकिस्तान आज खुद को संभाल नहीं पा रहा है. पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर उससे अलग होने की आवाज उठा रहा है. वह कह रहा है कि हमें भी जम्मू-कश्मीर के चुनाव में हिस्सा लेने का हक है. आपको चुनाव के जरिए अच्छा संदेश देना होगा.” पाकिस्तान पर हमला करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि बलूचिस्तान कह रहा है कि ‘हमारी केमिस्ट्री’ पाकिस्तान से मेल नहीं खाती. उन्होंने कहा, ”पाकिस्तान मानवता का दुश्मन है, यह मानवता के लिए कैंसर है. दुनिया को इस कैंसर से मुक्त होना चाहिए.” आदित्यनाथ ने भाजपा के प्रचार अभियान के तहत जम्मू के छंब, आर एस पुरा और रामगढ. में रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब तक के मतदान में मतदाताओं की भारी संख्या ने दिखा दिया है कि उन्होंने वंशवादी शासकों और उनकी विभाजनकारी राजनीति को खारिज कर दिया है.

आदित्यनाथ ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ चुनाव-पूर्व गठबंधन करने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या वह और उनकी पार्टी अनुच्छेद 370 की बहाली, बंदियों की रिहाई और नेशनल कॉन्फ्रेंस के घोषणापत्र में शामिल अन्य मुद्दों का समर्थन करते हैं.

उन्होंने कहा, ”मैं कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या वह जम्मू-कश्मीर के लिए अलग झंडा रखने के नेशनल कॉन्फ्रेंस के फैसले का समर्थन करते हैं? क्या राहुल गांधी अनुच्छेद 370 और 35 ए को वापस लाने और जम्मू-कश्मीर को अशांति और आतंकवाद के युग में धकेलने की नेशनल कॉन्फ्रेंस की मांग का समर्थन करते हैं? क्या कांग्रेस कश्मीर के युवाओं की कीमत पर पाकिस्तान से बात करके फिर से अलगाववाद को बढ.ावा देने का समर्थन करती है?” मुख्यमंत्री ने नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और कांग्रेस पर ”70 साल तक जम्मू-कश्मीर को बर्बाद करने” का आरोप लगाया.

आदित्यनाथ ने कहा, ”यह मोदी सरकार ही थी जिसने पश्चिमी पाकिस्तान के शरणार्थियों और वाल्मीकि लोगों को वोटिंग का अधिकार दिया, जिन्हें जम्मू-कश्मीर की पिछली सरकारों ने इन अधिकारों से वंचित रखा था.” उन्होंने उस समय का भी जिक्र किया जब भाजपा को लाल चौक पर तिरंगा फहराने के लिए अनुमति की आवश्यकता थी, उन्होंने कहा, ”आज, वहां राष्ट्रीय ध्वज ऊंचा लहराता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu