हरियाणा : भाजपा ने 40 सीट पर जीत दर्ज की, आठ पर आगे; कांग्रेस 31 पर जीती, छह पर आगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Oct 2024 07:05 PM
हरियाणा : भाजपा ने 40 सीट पर जीत दर्ज की, आठ पर आगे; कांग्रेस 31 पर जीती, छह पर आगे
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. हरियाणा विधानसभा की कुल 90 सीटों पर मतगणना जारी है और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 40 सीट जीत ली हैं जबकि कांग्रेस 31 सीट अपने नाम कर चुकी है. निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नतीजों के मुताबिक राज्य में तीन निर्दलीयों को भी जीत मिली है. निर्वाचन आयोग द्वारा शाम 5:45 बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक भाजपा 40 सीटों पर जीत के साथ ही आठ सीट पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 31 सीट जीत कर छह पर बढ़त बनाए हुए हैं. इंडियन नेशनल लोकदल एक सीट जीत चुका है जबकि एक पर बढ़त बनाए हुए है.

अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पहलवान विनेश फोगट, आदित्य सुरजेवाला और मम्मन खान तथा निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल शामिल हैं.

हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वालों में निवर्तमान विधानसभा के अध्यक्ष और भाजपा उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता, इनेलो के अभय सिंह चौटाला, हरियाणा लोकहित पार्टी के गोपाल कांडा और भाजपा नेता ओपी धनखड़ शामिल हैं. मौजूदा मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता सैनी ने लाडवा से अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मेवा सिंह को 16,054 मतों से शिकस्त दी. फोगाट ने मंगलवार को हरियाणा में जुलाना विधानसभा सीट से अपना पहला चुनाव जीत लिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के योगेश कुमार को 6,015 मतों के अंतर से हराया.

भूपेंद्र सिंह हुड्डा (77) ने गढ़ी सांपला-किलोई सीट पर भाजपा की मंजू हुड्डा को 71,465 वोट के अंतर से शिकस्त दी है. ऐलनाबाद सीट से निवर्तमान विधायक चौटाला को कांग्रेस उम्मीदवार भरत सिंह बेनीवाल ने 15,000 मतों के अंतर से हराया. बादली से भाजपा के ओपी धनखड़ को कांग्रेस के कुलदीप वत्स ने 16820 मतों से मात दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu