गैरी कर्स्टन ने पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीम के कोच पद से दिया इस्तीफा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Oct 2024 08:49 PM
गैरी कर्स्टन ने पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीम के कोच पद से दिया इस्तीफा
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीम के मुख्य कोच गैरी कर्स्टन ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के साथ मतभेद पैदा होने के कारण अपनी नियुक्ति के छह महीने के अंदर ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. भारत की 2011 में वनडे विश्व कप की चैंपियन टीम के कोच रहे 56 वर्षीय कर्स्टन को पीसीबी ने इस साल अप्रैल के आखिर में मुख्य कोच नियुक्त किया था.

पीसीबी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,”पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आज घोषणा की कि जेसन गिलेस्पी अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे पर पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम के कोच होंगे. गैरी कर्स्टन ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है, जिसे स्वीकार कर लिया गया है.” इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक विश्वसनीय सूत्र ने कहा कि टेस्ट टीम के कोच गिलेस्पी ने पीसीबी से स्पष्ट कर दिया है कि वह चार नवंबर से शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर ही सीमित ओवरों की टीम के कोच पद की जिम्मेदारी संभालेंगे तथा उनकी इन प्रारूप में स्थायी कोच बनने में दिलचस्पी नहीं है.

सूत्र ने कहा,”गिलेस्पी ने बोर्ड को सूचित कर दिया है कि जिंबॉब्वे के खिलाफ और उसके बाद होने वाले सीमित ओवरों के मैचों के लिए उन्हें कोई दूसरा कोच नियुक्त करना होगा.” पीसीबी ने कर्स्टन के अचानक लिए गए इस फैसले का कोई कारण नहीं बताया लेकिन सूत्रों ने पुष्टि की कि ऑस्ट्रेलिया और जिंबॉब्वे दौरे के लिए टीम का चयन करने और नया कप्तान नियुक्त करने के लिए उनकी राय नहीं लिए जाने से दक्षिण अफ्रीका का यह पूर्व क्रिकेटर नाखुश था.

इससे पहले पीसीबी ने टीम के चयन से जुड़े उनके अधिकार वापस ले लिए थे, जिसे मतभेद का मुख्य कारण माना जा रहा है. टीम का चयन करना अब विशेष रूप से चयन समिति का क्षेत्र है. सूत्र ने कहा,”बोर्ड ने जिस तरीके से उनके चयन के अधिकार वापस लिए उससे कर्स्टन खुश नहीं थे और उन्होंने इस्तीफा देने से पहले रविवार को पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के सामने भी यह बात स्पष्ट कर दी थी.” सूत्रों के अनुसार गिलेस्पी भी जल्द इस्तीफा दे सकते हैं क्योंकि वह भी मौजूदा बदलाव से खुश नहीं हैं कि टीमों का चयन अब केवल चयन समिति द्वारा किया जाता है और कोचों की इसमें कोई भूमिका नहीं है.

दक्षिण अफ्रीका का यह पूर्व बल्लेबाज पाकिस्तान की टीम से जुड़ने से पहले इंडियन प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स का बल्लेबाजी कोच था. पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीम को तीन वनडे और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाना है. उसकी टेस्ट टीम ने हाल में समाप्त हुई तीन मैच की श्रृंखला में इंग्लैंड को 2-1 से हराया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu