दीपोत्सव पर अयोध्या ने बनाए दो नए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Oct 2024 09:20 PM
दीपोत्सव पर अयोध्या ने बनाए दो नए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’
ऑडियो सुनें

अयोध्या. अयोध्या में सरयू नदी के तट पर बुधवार को आठवें ‘दीपोत्सव’ के अवसर पर दो विश्व रिकॉर्ड बने. एक साथ सबसे अधिक लोगों द्वारा आरती करने और सबसे अधिक तेल के दीये जलाने के दो ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ बनाए गए. ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ के निर्णायक प्रवीण पटेल ने बुधवार शाम को नए रिकॉर्ड की घोषणा की, जहां वे ‘गिनीज कंसल्टेंट’ निश्चल भरोट के साथ सत्यापन के लिए आए थे.

पटेल ने कहा, ” उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और सरयू आरती समिति सबसे अधिक 1,121 लोगों द्वारा आरती करने के लिए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ के खिताब धारक हैं. आप सभी को बधाई हो.” दूसरे रिकॉर्ड के बारे में गिनीज निर्णायक दल ने कहा, “कुल 25,12,585 दीये जलाकर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, तेल के सबसे अधिक दीयों के एक साथ प्रज्वलन के लिए नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के खिताब धारक हैं.

पटेल ने कहा कि वह एक नहीं बल्कि दो ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ खिताबों को सत्यापित करके “बहुत प्रसन्न” हैं – एक साथ सबसे ज़्यादा लोगों द्वारा आरती और सबसे अधिक तेल के दीयों का प्रज्वलन. उन्होंने कहा कि ‘एक साथ सबसे ज़्यादा लोगों द्वारा आरती एक बिल्कुल नया रिकॉर्ड है जबकि तेल के दीयों के प्रज्वलन का मौजूदा रिकॉर्ड 22 लाख 23 हजार 676 (22.23 लाख) दीये का था.

पटेल ने कहा, “यह महत्वपूर्ण है कि हमारे पास संख्या हो, लेकिन यह भी जरूरी है कि आप दिशानिर्देशों का पालन करें.” उन्होंने कहा, ”आपने दोनों रिकॉर्डों के लिए दिशानिर्देशों का पालन किया है.” राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद इस पहले दीपोत्सव पर इस बार उत्तर प्रदेश सरकार ने अनूठी पहल की. पहली बार 1121 वेदाचार्यों ने एक साथ सरयू मैया की आरती की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम सरयू मैया की आरती की. इस मौके पर 1121 वेदाचार्य एक ही रंग के परिधान में एक स्वर में सरयू मैया की आरती करते रहे. इसमें एक तरफ जहां आध्यात्मिकता का रंग था, वहीं दूसरी तरफ यह अनूठा आयोजन जनमानस में योगी सरकार की छवि को और निखार रहा था. आरती से पहले मुख्यमंत्री ने मां सरयू की पूजा-अर्चना भी की. इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ यहां केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आदि मौजूद रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu