जाति आधारित जनगणना कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं : राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Nov 2024 10:44 PM
जाति आधारित जनगणना कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं : राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह तेलंगाना में जाति आधारित जनगणना सुनिश्चित करने के साथ ही देश में जाति आधारित जनगणना के लिए राज्य को एक मॉडल के रूप में पेश करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. राज्य सरकार द्वारा छह नवंबर से शुरू किए जाने वाले जाति सर्वेक्षण से पहले यहां तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जाति आधारित जनगणना भेदभाव की सीमा और प्रकृति का आकलन करने के लिए शुरू की जाने वाली पहली प्रक्रिया है.

उन्होंने कहा, ”इसलिए, मैं यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं कि न केवल तेलंगाना में जाति आधारित जनगणना हो, बल्कि तेलंगाना देश में जाति आधारित जनगणना के लिए एक मॉडल बन जाए.” कांग्रेस नेता ने दावा किया कि भारत में ”एक अलग ही तरह” का जातिगत भेदभाव है और ये संभवत? विश्व में सबसे खराब है.

उन्होंने कहा, ”देश में 50 प्रतिशत आरक्षण की कृत्रिम बाधा को खत्म किया जाएगा.” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें आश्चर्य है कि प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से यह क्यों नहीं कहा कि वह भारत में भेदभाव के विचार को चुनौती देना चाहते हैं. राहुल गांधी ने पूछा, ”प्रधानमंत्री यह पूछने से क्यों डरते हैं कि कॉरपोरेट, न्यायपालिका, मीडिया में कितने दलित, ओबीसी, आदिवासी हैं.” कांग्रेस नेता ने कहा कि संसद में उन्होंने पार्टी की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर जाति आधारित जनगणना कराने का वादा किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu