
सबरीमाला. त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) ने रविवार को बताया कि मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा सीजन के पहले नौ दिनों मे छह लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सबरीमला में भगवान अयप्पा मंदिर में दर्शन किए. टीडीबी के अध्यक्ष पी. एस. प्रशांत ने कहा कि 16 नवंबर (वृश्चिकम 1) को खुले मंदिर में इस अवधि के दौरान 6,12,290 तीर्थयात्री आए और पिछले साल इस अवधि में 3,03,501 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे.
इस अवधि में एकत्रित राजस्व भी उल्लेखनीय रूप से बढ.कर 41.64 करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 13.33 करोड़ रुपये अधिक है. प्रशांत ने इस वृद्धि का श्रेय “प्रभावी प्रबंधन और भक्तों के लिए बेहतर सुविधाओं” को दिया. इस महीने की 16 तारीख से इस यात्रा की शुरूआत हुयी है और मंडलम-मकरविलक्कू तीर्थयात्रा के दौरान दो महीनों में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए यहां आएंगे.



