मूसेवाला के परिजनों से मिले राहुल, बोले-शांति बनाए रखना ‘आप’ सरकार के बस की बात नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Jun 2022 07:01 PM
मूसेवाला के परिजनों से मिले राहुल, बोले-शांति बनाए रखना ‘आप’ सरकार के बस की बात नहीं
ऑडियो सुनें

मानसा. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शांति बनाए रखना उसके बस की बात नहीं.

कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि मंगलवार सुबह चंडीगढ़ हवाईअड्डे पर उतरने के बाद राहुल सीधे पंजाब के मानसा जिले स्थित मूसेवाला के पैतृक गांव मूसा पहुंचे और उनके परिवार के साथ लगभग 50 मिनट बिताए. उन्होंने मूसेवाला को पुष्पांजलि भी अर्पित की.
पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमंिरदर सिंह राजा वंिड़ग, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और पूर्व उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी सहित कई अन्य कांग्रेस नेता भी राहुल के साथ मूसेवाला के गांव पहुंचे.

राहुल ने मूसेवाला के परिजनों से मुलाकात की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला जी के माता-पिता जिस दुख से गुजर रहे हैं, उसे बयां करना मुश्किल है. उन्हें इंसाफ दिलाना हमारा फर्ज है और हम उन्हें इंसाफ दिलाकर रहेंगे.’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से भंग हो चुकी है. पंजाब में अमन और शांति बनाए रखना ‘आप’ सरकार के बस की बात नहीं है.’’ सूत्रों के मुताबिक, राहुल के दौरे के मद्देनजर मूसेवाला के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी.

मूसेवाला की 29 मई को मानसा में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. जब यह वारदात हुई थी, तब राहुल विदेश में थे और वह पिछले सप्ताह स्वदेश लौटे हैं. मूसेवाला पिछले साल दिसंबर में कांग्रेस में शामिल हुए थे. उन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर किस्मत आजमाई थी, लेकिन वह चुनाव जीतने में असफल रहे थे.

विभिन्न पार्टियों के नेता और प्रमुख हस्तियां मूसेवाला के परिजनों से मिलने और उनके प्रति संवेदना जताने के लिए मूसा गांव का दौरा कर रही हैं. राहुल के पहुंचने से कुछ देर पहले पटियाला से कांग्रेस सांसद परनीत कौर ने भी दिवंगत गायक के घर का दौरा किया और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. परनीत कौर को पिछले साल उनकी कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था.

हालांकि, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के आने से पहले ही वह मूसेवाला के घर से चली गईं. परनीत कौर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमंिरदर सिंह की पत्नी हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मूसेवाला के माता-पिता से मुलाकात कर चुके हैं.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मुख्यमंत्री मान को पत्र लिखकर ‘‘मूसेवाला हत्याकांड की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को स्थानांतरित करने का आग्रह किया है, ताकि उनके परिवार को जल्द से जल्द इंसाफ मिल सके.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu