संसद परिसर में प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं पर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Dec 2024 10:36 PM
संसद परिसर में प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं पर साधा निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों पर संसद नहीं चलने देने का आरोप लगाया और विरोध-प्रदर्शन करने के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के तरीके की आलोचना करते हुए कहा कि उनका व्यवहार नेता प्रतिपक्ष पद के अनुरूप नहीं है.

कई विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में अदाणी के मुद्दे पर प्रदर्शन किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अरबपति गौतम अदाणी के व्यंग्यात्मक चित्र छपे काले ‘झोले’ थे और ‘मोदी अदाणी, भाई-भाई’ लिखा था. इससे एक दिन पहले भी ‘इंडिया’ के घटक दलों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था. इस दौरान गांधी ने एक छद्म (मॉक) ‘साक्षात्कार’ लिया जिसके तहत उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उद्योगपति गौतम अदाणी का मुखौटा पहने कांग्रेस सांसदों से प्रतीकात्मक रूप से सवाल-जवाब किये.

विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सरकार गठन के बाद से व्यावहारिक रूप से यह संसद का पहला पूर्ण सत्र है लेकिन विपक्ष इसे नहीं चलने दे रहा है जो उनकी असहिष्णुता को दर्शाता है. उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ”वे पाप करते हैं और बाद में सरकार पर आरोप लगाते हैं कि वह इसे काम नहीं करने दे रही है. यह बिल्कुल भी सही नहीं है. हमारे पास सरकारी काम है, विधेयक लंबित हैं.”

उन्होंने कहा, ”वे जॉर्ज सोरोस के साथ सब कुछ करते हैं. फिर एक भारतीय व्यापारी का नाम लेकर प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं. देखिए वे किस स्तर तक गिर गए हैं. वे यहां (संसद परिसर में) जमीन पर प्रधानमंत्री की तस्वीर फेंकते हुए चले जाते हैं.” जोशी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल संसद की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं क्योंकि वे नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने को ‘बर्दाश्त’ नहीं कर पा रहे हैं. विपक्षी दलों पर संसद नहीं चलने देने का आरोप लगाते हुए भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि मौजूदा शीतकालीन सत्र में वे जो ‘नाटक’ कर रहे हैं, वह उन्हें शोभा नहीं देता.

उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ”मैं विपक्ष के नेता (राहुल गांधी) के व्यवहार को देखकर हैरान हूं. जिस तरह से वह मास्क पहनाने (दो कांग्रेस नेताओं को) के बाद अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग कर रहे थे. विपक्ष के नेता इस तरह से व्यवहार करते हैं.” पात्रा ने कहा कि इससे यह संदेह पैदा होता है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता बनना चाहते हैं या ‘कुछ और’.

उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं और उनका यह व्यवहार उन्हें शोभा नहीं देता. विपक्ष के नेता को एक जिम्मेदार व्यक्ति होना चाहिए. लेकिन, जैसा कि मैं हमेशा कहता हूं, राहुल गांधी और जिम्मेदारी कभी एक साथ नहीं चलते.” पात्रा ने अदाणी मुद्दे पर संसद परिसर में काले बैग के साथ प्रदर्शन करने के लिए विपक्षी गठबंधन की भी आलोचना की. उन्होंने कहा, ”संसद में ऐसा कोई फैशन शो नहीं हो रहा है कि आप मास्क और टीशर्ट पहनकर बैग लेकर आएं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu