शादी समारोह में जश्न के दौरान गोलीबरी में किशोरी की मौत…

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 12 Dec 2024 01:54 PM
शादी समारोह में जश्न के दौरान गोलीबरी में किशोरी की मौत…
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़: हरियाणा के चरखी दादरी में एक शादी समारोह में जश्न के दौरान की गई गोलीबारी में 13 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार की रात उस समय हुई जब लड़की अपने परिवार के साथ चरखी दादरी में भिवानी रोड स्थित एक ‘बैंक्वेट हॉल’ में समारोह में शामिल होने गई थी।

चरखी दादरी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘जश्न में हुई गोलीबारी में लड़की की मौत हो गई और उसकी मां भी घायल हो गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ युवक जश्न मना रहे थे और नाच रहे थे…हम आरोपियों की पहचान के लिए विवाह समारोह की वीडियो फुटेज देख रहे हैं।’’

पुलिस ने बताया कि झज्जर जिले के बहू गांव निवासी लड़की के पिता ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। उस समय कुछ युवक ‘बैंक्वेट हॉल’ के गेट के बाहर हवा में गोलीबारी कर रहे थे।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उनमें से एक व्यक्ति द्वारा चलाई गई गोली लड़की को लगी और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। पुलिस ने बताया कि लड़की की पहचान जिया के रूप में हुई है और इस गोलीबारी में उसकी मां भी घायल हो गई।

लड़की तथा उसकी मां को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) और 287 (आग या ज्वलशील पदार्थ के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण) तथा शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital