बीएसएफ एडीजी ने त्रिपुरा के सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 19 Dec 2024 01:35 PM
बीएसएफ एडीजी ने त्रिपुरा के सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया
ऑडियो सुनें

अगरतला: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) रवि गांधी ने सुरक्षा परिदृश्यों और बल की परिचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लेने के लिए त्रिपुरा के धलाई और सिपाहीजाला जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, त्रिपुरा के दो-दिवसीय दौरे पर आए बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक ने राज्य के मुख्य सचिव जे. के. सिन्हा और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अमिताभ रंजन के साथ बुधवार को धलाई जिले के अंबासा के साथ-साथ सिपाहीजाला जिले में भी एक सीमा चौकी का दौरा किया।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि गांधी ने राज्य सरकार के अधिकारियों और पुलिस के साथ सीमा पर गहन निगरानी, ??सीमा पार अपराध रोकने के लिए पुलिस और अन्य खुफिया एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान, अवैध प्रवास को बढ़ावा देने वाले दलालों के खिलाफ कार्रवाई सहित प्रभावी सीमा प्रबंधन से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने बुधवार को यहां राजभवन में त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू से भी मुलाकात की। विज्ञप्ति के अनुसार बीएसएफ के एडीजी ने राज्यपाल को भारत-बांग्लादेश सीमा पर मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य और सीमा प्रहरियों की अभियानगत तैयारियों के बारे में जानकारी दी।

राज्यपाल ने पूर्वोत्तर राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए बीएसएफ के प्रयासों की सराहना की और उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए राज्य एजेंसियों और बीएसएफ के बीच बेहतर समन्वय के महत्व पर जोर दिया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital