कई बांग्लादेशी अवैध रूप से श्रमिक शिविर में रह रहे हैं जहां से हमलावर पकड़ा गया: सोमैया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Jan 2025 07:15 PM
कई बांग्लादेशी अवैध रूप से श्रमिक शिविर में रह रहे हैं जहां से हमलावर पकड़ा गया: सोमैया
ऑडियो सुनें

मुंबई/कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता किरीट सोमैया ने रविवार को दावा किया कि ठाणे में श्रमिक शिविर में बिना वैध दस्तावेजों के बांग्लादेशी नागरिक रह रहे हैं, जहां से अभिनेता सैफ अली खान पर कथित तौर पर हमला करने वाले को गिरफ्तार किया गया है.

पूर्व सांसद ने ठाणे पुलिस आयुक्त से कावेसर श्रमिक शिविर में तलाशी अभियान चलाने का अनुरोध किया. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “मैंने 12 मजदूरों से मुलाकात की और उनमें से नौ बांग्लादेशी मुस्लिम थे. उनका कहना है कि वे पश्चिम बंगाल के मालदा से हैं, लेकिन उनके पास कोई प्रामाणिक दस्तावेज नहीं है.”

मुंबई पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने 16 जनवरी की रात सैफ अली खान के अपार्टमेंट में चोरी के प्रयास के दौरान उन पर चाकू से हमला करने के आरोप में बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ठाणे के वन्य क्षेत्र में स्थित एक श्रमिक शिविर में मिला, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

बंगाल में रोहिंग्याओं की बेलगाम बसावट: सुकांत मजूमदार

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने रविवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के संरक्षण के कारण राज्य में रोहिंग्याओं की बेलगाम बस्तियां बस रही हैं. केंद्रीय शिक्षा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री मजूमदार ने एक समाचार चैनल से कहा, “टीएमसी नेताओं की मदद से रोहिंग्या सॉल्ट लेक, उत्तरी कोलकाता के कुछ हिस्सों और मछली भेरियों (मछली पालन के लिए बनाये जाने वाले छोटे तालाब) के अलावा अन्य जगहों पर बस गए हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति रोहिंग्याओं की बस्ती की तस्वीर खींचता है तो वे उस पर हमला कर देते हैं.

मजूमदार ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार रोहिंग्याओं को राज्य में बसने में मदद कर रही है. उन्होंने कहा कि देश की सीमा की सुरक्षा करना सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का कर्तव्य है. मजूमदार ने कहा, “बीएसएफ के जवान सीमा की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu