सबालेंका, गॉफ, अल्काराज और ज्वेरेव ऑस्ट्रेलियाई ओपन के क्वार्टर फाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Jan 2025 07:40 PM
सबालेंका, गॉफ, अल्काराज और ज्वेरेव ऑस्ट्रेलियाई ओपन के क्वार्टर फाइनल में
ऑडियो सुनें

मेलबर्न. विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने मेलबर्न पार्क पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को यहां सीधे सेटों में जीत दर्ज करके क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में लगातार तीसरा खिताब जीतने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए.

महिला वर्ग में कोको गॉफ का लगातार सेटों में जीत दर्ज करने का सिलसिला टूट गया लेकिन वह अंतिम आठ में जगह बनाने में सफल रही. पुरुष वर्ग में कार्लोस अल्काराज और अलेक्जेंडर ज्वेरेव क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं. पिछली दो बार की चैंपियन सबालेंका ने रॉड लेवर एरेना में दिन के खेल की शुरुआत करते हुए 14वीं वरीयता प्राप्त मीरा एंड्रीवा को 6-1, 6-2 से हराया और इस तरह से ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अपनी जीत का सिलसिला 18 मैचों तक बढ़ाया.

ऑस्ट्रेलियाई ओपन के महिला एकल में लगातार तीन खिताब जीतने वाली आखिरी खिलाड़ी मार्टिना हिंगिस थी, जिन्होंने 1997 से 1999 तक यह कारनामा किया था. मैच के बाद सबालेंका ने एंड्रीवा को गले लगाया, भीड़ की ओर हाथ हिलाया और अपने पोलेरॉइड कैमरे से एक तस्वीर ली.

सबालेंका ने एक घंटे में यह मैच जीतने के बाद कहा, ”यह मुश्किल मैच था लेकिन मैं इसे सीधे सेटों में जीतकर बहुत खुश हूं.” गॉफ ने पहला सेट गंवाने के बाद अच्छी वापसी करते हुए बेलिंडा बेनसिच पर 5-7, 6-2, 6-1 से जीत हासिल की. अमेरिका की इस खिलाड़ी ने इससे पहले 2025 में जो 16 सेट खेले थे उन सभी में उन्होंने जीत दर्ज की थी. गॉफ का अब मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में पाउला बडोसा से मुकाबला होगा. बडोसा ने ओल्गा डेनिलोविच को 6-1, 7-6 (2) से हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट के अंतिम आठ में जगह बनाई.

पुरुष वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव में चौथी बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जहां उनका सामना 12वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल से होगा. ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में दो बार के उपविजेता रहे ज्वेरेव ने उगो हम्बर्ट को 6-1, 2-6, 6-3, 6-2 से जबकि पॉल ने एलेजांद्रो डेविडोविच फोकिना को 6-1, 6-1, 6-1 से हराया. तीसरी वरीयता प्राप्त अल्काराज भी आगे बढ़ने में सफल रहे. उन्होंने जैक ड्रेपर के कूल्हे की समस्या के कारण दो सेटों के बाद हट जाने के कारण अंतिम आठ में जगह सुरक्षित की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu