चुनाव कराने के लिए सरकार की ओर से तय समयसीमा का पालन किया जाएगा: बांग्लादेश निर्वाचन आयोग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Jan 2025 08:07 PM
चुनाव कराने के लिए सरकार की ओर से तय समयसीमा का पालन किया जाएगा: बांग्लादेश निर्वाचन आयोग
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश के निर्वाचन आयोग ने रविवार को कहा कि वह अंतरिम सरकार द्वारा निर्धारित समय पर आम चुनाव कराएगा. उसने साथ ही स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से चुनाव कराये जाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. समाचार पत्र ‘ढाका ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) एएमएम नासिर उद्दीन ने यह टिप्पणी एक कार्यक्रम के दौरान की. संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के तहत मतदाता सूचियों को अद्यतन करने के लिए आवश्यक तकनीकी उपकरण सौंपे गये. निर्वाचन आयोग को यूएनडीपी से आंकड़ों के संग्रहण के लिए 175 लैपटॉप, 200 स्कैनर और 4,300 बैग प्राप्त हुए.

समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज24’ ने सीईसी के हवाले से कहा, ”हम माननीय मुख्य सलाहकार द्वारा घोषित समय-सीमा पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और इस दिशा में काम कर रहे हैं.” पिछले महीने मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कहा था कि देश में अगला आम चुनाव 2025 के अंत तक या 2026 के शुरुआत महीनों में हो सकता है. हालांकि, उन्होंने कहा था कि चुनाव का समय काफी हद तक राजनीतिक आम सहमति और उससे पहले किए जाने वाले सुधारों की सीमा पर निर्भर करेगा.

नासिर उद्दीन की यह टिप्पणी पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की उस मांग के कुछ दिन बाद आई है जिसमें उसने कहा था आम चुनाव इस साल जुलाई या अगस्त तक करा लिए जाएं. जब इस बारे में पूछा गया तो मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने इस बात पर जोर दिया कि निर्वाचन आयोग राजनीति में शामिल नहीं होना चाहता है और कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन करने में छह महीने का समय लगेगा.

खबर में उनके हवाले से कहा गया है, ”हम राजनीतिक बयानों पर टिप्पणी नहीं करना चाहते. हम कानून, नियम और व्यवस्था का पालन करेंगे.” खबर के अनुसार नासिर उद्दीन ने कहा कि देश के लोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद करते हैं. उन्होंने कहा कि आयोग इस उम्मीद को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के अद्यतन करने की प्रक्रिया को पारर्दिशता के साथ पूरा किया जायेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu