राहुल ने न्याय, समानता के लिए ‘सफेद टी-शर्ट मुहिम’ शुरू की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Jan 2025 08:41 PM
राहुल ने न्याय, समानता के लिए ‘सफेद टी-शर्ट मुहिम’ शुरू की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आम लोगों के अधिकारों की वकालत करते हुए रविवार को ‘सफेद टी-शर्ट मुहिम’ शुरू करने की घोषणा की और केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर गरीबों से मुंह मोड़ने का आरोप लगाया. गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, यह मुहिम शुरू करने की घोषणा की और लोगों से इसका हिस्सा बनने का आग्रह किया.

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक वीडियो ‘वॉयसओवर’ में कहा, ”यदि आप आर्थिक न्याय में विश्वास करते हैं, संपत्ति की बढ़ती असमानताओं का विरोध करते हैं, सामाजिक समानता के लिए लड़ते हैं, सभी प्रकार के भेदभाव को अस्वीकार करते हैं और हमारे देश में शांति एवं स्थिरता के लिए प्रयासरत हैं, तो सफेद टी-शर्ट पहनें और मुहिम में शामिल हों.” गांधी ने कहा, ”आज मोदी सरकार ने गरीबों और श्रमिक वर्ग से मुंह मोड़ लिया है और उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया है. सरकार का पूरा ध्यान कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों को और समृद्ध बनाने पर है.” उन्होंने कहा कि इसके कारण असमानता लगातार बढ़ रही है और ”अपने खून-पसीने से देश को सींचने वाले” श्रमिकों की स्थिति खराब होती जा रही है और वे विभिन्न प्रकार के अन्याय और अत्याचार सहने को मजबूर हैं.

उन्होंने कहा, ”ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम उन्हें न्याय और अधिकार दिलाने के लिए आवाज उठाएं. इसी सोच के साथ हम ‘सफेद टी-शर्ट मुहिम शुरू कर रहे हैं.” कांग्रेस सांसद ने कहा, ”मैं युवाओं और मजदूर वर्ग के साथियों से इस मुहिम में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील करता हूं.” उन्होंने लोगों से इस मुहिम में शामिल होने की अपील करते हुए, इसके बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए एक मोबाइल नंबर और एक वेबसाइट का लिंक भी साझा किया. ‘व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट’ (सफेद टी-शर्ट मुहिम) की वेबसाइट के अनुसार, ‘सफेद टी-शर्ट’ पार्टी के पांच मार्गदर्शक सिद्धांतों — करुणा, एकता, अहिंसा, समानता और सभी के लिए प्रगति — का प्रतीक है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu