भारतीय महिला टीम खो-खो विश्व कप की चैंपियन बनी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Jan 2025 10:22 PM
भारतीय महिला टीम खो-खो विश्व कप की चैंपियन बनी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय महिला टीम ने पहले खो-खो विश्व कप के फाइनल में रविवार को यहां नेपाल पर 78-40 की शानदार जीत के साथ खिताब अपने नाम किया. भारतीय खिलाड़ियों ने यहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में गति, रणनीति और कौशल का शानदार नमूना पेश करते हुए मैच की शुरुआत से अंत तक अपना दबदबा बनाये रखा.

नेपाल ने टॉस जीतकर भारत को अटैक करने का न्योता दिया. कप्तान प्रियांक इंगले के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआती टर्न में नेपाल को एक बार भी ड्रीम रन करने का मौका नहीं दिया और 34-0 की बढ़त बना ली. नेपाल ने दूसरे टर्न में अटैक करते हुए 24 अंक बनाकर वापसी की लेकिन इस दौरान बी चैत्रा ने ड्रीम रन पूरा कर भारत को भी एक अंक दिलाया. मध्यांतर के बाद भारत की बढ़त 35-24 की हो गयी.

भारतीय टीम तीसरे टर्न में अटैक करते हुए मैच पर पूरी तरह से हावी हो गयी. टीम ने 73-24 की बढ़त के साथ जीत को लगभग पक्का कर लिया. चैत्रा ने चौथे टर्न में भी ड्रीम रन से पांच अंक जुटा कर नेपाल के खिलाड़ियों को परेशान किया. नेपाल की टीम इस टर्न में 16 अंक ही जुटा सकी. भारतीय महिला टीम ने ग्रुप चरण में दक्षिण कोरिया, ईरान और मलेशिया पर शानदार जीत दर्ज करने के बाद क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश और सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में हराया था.

मोदी ने भारतीय महिला टीम की खो-खो विश्व कप जीत को ऐतिहासिक करार दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला टीम को पहला खो-खो विश्व कप जीतने पर रविवार को बधाई देते हुए कहा कि इस जीत ने भारत के सबसे पुराने पारंपरिक खेलों में से एक को और अधिक सुर्खियों में ला दिया है. भारतीय महिला टीम ने रविवार को यहां नेपाल के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 78-40 की शानदार जीत दर्ज की मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ” भारतीय महिला टीम को पहला खो-खो विश्व कप जीतने पर बधाई. यह ऐतिहासिक जीत उनके अद्वितीय कौशल, दृढ. संकल्प और ‘टीम वर्क’ का परिणाम है.”

उन्होंने कहा कि इस जीत ने भारत के सबसे पुराने पारंपरिक खेलों में से एक को और अधिक सुर्खियों में ला दिया है और इससे देश भर के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी. प्रधानमंत्री ने कहा, ”आशा है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में और अधिक युवाओं के लिए इस खेल को अपनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu