दीर अल बलाह/यरूशलम/वाशिंगटन. इजराइली सेना ने रविवार को कहा कि गाजा से रिहा किए गए पहले तीन बंधकों को रेड क्रॉस को सौंप दिया गया है और उन्हें इजराइली सेना के शिविर की ओर लाया जा रहा है. इजराइल और हमास के बीच युद्ध विराम लागू होने के कुछ घंटों बाद यह घोषणा की गई. कतर से संचालित मीडिया संस्थान ‘अल जजीरा’ के फुटेज में रिहा किए गए बंधकों को ले जाते हुए देखा गया है. उनके चारों तरफ बड़ी भीड़ थी, जिनमें से कई लोगों ने अपने फोन पकड़ रखे थे और वीडियो बना रहे थे.
वाहनों के साथ हथियारबंद लोग थे, जिन्होंने हरे रंग की हमास की हेडबैंड पहन रखी थी और वे हजारों की संख्या में पहुंची अनियंत्रित भीड़ से कारों की रक्षा करने के लिए मशक्कत कर रहे थे. इस बीच, तेल अवीव में बड़ी स्क्रीन पर समाचार देखने के लिए एकत्र हुए हजारों लोग खुशी से झूम उठे. इस समझौते से शुरुआती छह सप्ताह का युद्ध विराम शुरू हुआ है. इससे अन्य बंधकों की रिहाई और 15 महीने से जारी युद्ध के अंत की संभावना बढ़ गई है.
युद्धविराम के पहले दिन रिहा हुए तीन इजराइली बंधक कौन हैं?
इजराइल और फलस्तीनी चरमंथी समूह हमास के बीच युद्धविराम के तहत हमास द्वारा बंधक बनाए गए तीन बंधकों को 471 दिनों की कैद के बाद रविवार को रिहा कर दिया गया. आगामी कई हफ्तों में दर्जनों बंधकों की क्रमिक रिहाई पर सहमति बनी है. युद्धविराम और बंधकों की रिहाई को लेकर इजराइलियों में उम्मीद के साथ बेचैनी भी है. कई लोगों को डर है कि तीन चरण वाला समझौता सभी बंधकों के लौटने से पहले ही टूट सकता है, या वे खराब स्वास्थ्य के साथ रिहा होंगे. दूसरों को चिंता है कि मरने वाले बंधकों की संख्या अनुमान से कहीं अधिक है.
हमास के 7 अक्टूबर, 2023 के हमले के दौरान लगभग 250 लोगों का अपहरण कर लिया गया जिससे 15 महीने तक चलने वाले युद्ध की शुरुआत हो गई. कई बंधकों की रिहाई या उनके शव बरामद होने के बाद अब भी लगभग 100 बंधक गाजा में मौजूद हैं.
रविवार को रिहा किये जाने वाले तीन बंधक ये हैं-
रोमी गोनेन (24 वर्ष):-
रोमी गोनेन नाम की महिला को 7 अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजराइल में नोवा संगीत समारोह से अगवा किया गया था. उस सुबह गोनेन की मां, मेरव और उनकी सबसे बड़ी बेटी ने गोनेन से बात करते हुए लगभग पांच घंटे बिताए. गोनेन ने अपने परिवार को बताया कि कारों से भरी सड़कों पर भागना असंभव है और वह झाड़ियों में आश्रय लेंगी.
इसके बाद गोनेने कहती हैं, ”मम्मी मुझे गोली मार दी गई, कार पर गोली चलाई गई, सभी को गोली मार दी गई. …मैं घायल हूं और खून बह रहा है. मां, मुझे लगता है कि मैं मर जाऊंगी.” अपहरण के कुछ सप्ताह बाद एक संवाददाता सम्मेलन में गोनेने की मां ने यह बात बताई थी.
एमिली दामरी (28 वर्ष):-
एमिली दामरी एक ब्रिटिश-इजराइली नागरिक हैं जिसे हमास के हमले से बुरी तरह प्रभावित एक गांव किबुत्ज कफर अजा में उनके अपार्टमेंट से अगवा किया गया था. वह युवा वयस्कों के लिए पड़ोस के एक छोटे से अपार्टमेंट में रहती थीं, जो गाजा के किबुत्ज के सबसे नजदीक का हिस्सा था.
डोरोन स्टीनब्रेचर (31 वर्ष):-
डोरोन स्टीनब्रेचर एक पशु चिकित्सा से जुड़ी नर्स हैं जो जानवरों से प्यार करती हैं. वह किबुत्ज कफर अजा में दामरी की पड़ोसी है.
7 अक्टूबर, 2023 को सुबह 10:20 बजे स्टीनब्रेचर ने अपनी मां से फोन पर कहा, ”मां, मुझे डर लग रहा है. मैं बिस्तर के नीचे छिपी हूं और मैंने सुना है कि वे मेरे अपार्टमेंट में घुसने की कोशिश कर रहे हैं.” उसके भाई डोर ने याद करते हुए कहा कि वह अपने दोस्तों को ऑडियो संदेश भेजने में सक्षम थी. इसके बाद स्टीनब्रेचर ने कहा,”उन्होंने मुझे ढूंढ. लिया है! उन्होंने मुझे ढूंढ. लिया है! उन्होंने मुझे ढूंढ. लिया है!” ओरोन शॉल के अंतिम अवशेष
इजराइल का 20 वर्षीय सैनिक ओरोन शॉल 20 जुलाई 2014 को इजराइल और हमास के बीच लड़ाई के दौरान मारा गया था. उसके और एक अन्य सैनिक हदर गोल्डिन के अंतिम अवशेष तब से आतंकवादियों के कब्जे में है. हालांकि, उनके परिवारों ने उनके शवों को हासिल करने के लिए एक सार्वजनिक अभियान चलाया था.
बाइडन ने युद्ध विराम पर कहा: गाजा में बंदूकें खामोश हो गईं
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि युद्धविराम समझौते के तहत गाजा में बंदूकें खामोश हो गई हैं. बाइडन ने साउथ कैरोलाइना के नॉर्थ चार्ल्सटन में एक चर्च के दौरे के दौरान यह बात कही. युद्धविराम के तहत रिहा किए जा रहे बंधकों के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें अभी-अभी एक कॉल आई, जिसमें कहा गया कि तीनों (बंधकों) को रिहा किया जा रहा है. उन्होंने कहा, ”ऐसा लगता है कि उन लोगों का स्वास्थ्य ठीक है.”