दोहरे ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने हिमानी मोर से किया विवाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Jan 2025 10:55 PM
दोहरे ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने हिमानी मोर से किया विवाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के भाला फेंक के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने दो दिन पहले सोनीपत की हिमानी मोर से विवाह किया. स्टार खिलाड़ी 27 वर्षीय नीरज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर विवाह की घोषणा की. नीरज ने विवाह समारोह की तस्वीरों के साथ एक पोस्ट में लिखा, ”मैंने अपने परिवार के साथ अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू किया. हर उस आशीर्वाद के लिए आभारी हूं जिसने हमें इस पल तक पहुंचाया. प्यार से बंधे, हमेशा खुश रहें.” चोपड़ा के चाचा भीम ने ‘पीटीआई’ को बताया कि विवाह देश में हुआ और यह जोड़ा हनीमून के लिए रवाना हो गया है.

हिमानी वर्तमान में अमेरिका में पढ़ाई कर रही हैं. वह न्यू हैम्पशर में फ्रैंकलिन पियर्स यूनिर्विसटी में ‘स्पोर्ट्स मैनेजमेंट’) की पढ़ाई कर रहे हैं. वह दिल्ली के मिरांडा हाउस की पूर्व छात्रा हैं जहां उन्होंने राजनीति विज्ञान और शारीरिक शिक्षा में स्नातक की डिग्री पूरी की.
भीम ने हरियाणा में पानीपत के पास खंडरा में अपने गांव से बताया, ”हां, विवाह दो दिन पहले भारत में हुआ. मैं यह नहीं बता सकता कि यह कहां हुआ.”

उन्होंने कहा, ”लड़की सोनीपत की है और वह अमेरिका में पढ़ाई कर रही है. वे हनीमून के लिए देश से बाहर गए हैं और मुझे नहीं पता कि वे कहां जा रहे हैं. हम इसे ऐसे ही रखना चाहते थे.” अखिल भारतीय टेनिस महासंघ (एआईटीए) की वेबसाइट के अनुसार, 2018 में हिमानी की सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय रैंकिंग एकल में 42 और युगल में 27 थी. उन्होंने 2018 में ही एआईटीए स्पर्धाओं में खेलना शुरू किया. तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण और पेरिस खेलों में रजत पदक जीतने वाले नीरज इससे पहले दक्षिण अफ्रीका में ट्रेनिंग ले रहे थे. उन्होंने चेक गणराज्य के विश्व रिकॉर्डधारी भाला फेंक के दिग्गज यान जेलेज्नी को अपने साथ जोड़ा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu