दिल्ली-एनसीआर में फिर ठंड ने दी दस्तक, तमिलनाडु और केरल में आंधी-बारिश का खतरा…

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 24 Jan 2025 11:31 AM
दिल्ली-एनसीआर में फिर ठंड ने दी दस्तक, तमिलनाडु और केरल में आंधी-बारिश का खतरा…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर से करवट ले ली है. दो दिनों की तेज धूप के बाद शुक्रवार की सुबह कोहरा और ठंड लौट आई. जानकारी के अनुसार मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक कोहरे और न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है.

23 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया जो 25 जनवरी तक 9 डिग्री तक गिर सकता है. 26-28 जनवरी तक घना कोहरा छाया रहेगा जिससे अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक आ सकता है. डॉक्टरों ने ठंड से बचाव के लिए ज्यादा से ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है.

उत्तर प्रदेश में सहारनपुर से सोनभद्र तक घने कोहरे का कहर जारी है. मौसम विभाग ने यहां येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. कोहरे के चलते यातायात प्रभावित हो रहा है और ट्रेनें देरी से चल रही हैं. राजस्थान के तीन जिलों- बारां, कौराली और धौलपुर में भी घने कोहरे का असर देखने को मिला है. बिहार में 11 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी है जिनमें बक्सर, भोजपुर, रोहतास और गया शामिल हैं. सुबह के समय विजिबिलिटी कम होने से यातायात में बाधा आ रही है.

झारखंड में बारिश और तापमान में गिरावट की संभावना

झारखंड में ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है. गुमला में राज्य का सबसे कम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची में 12 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है. 24 (शुक्रवार) जनवरी तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 25 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है. उत्तरी और मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है.

हरियाणा और पंजाब में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

हरियाणा के 15 जिलों में आज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम और बाकी जिलों में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी जिससे ठंड बढ़ेगी. इसी प्रकार का मौसम पंजाब में भी देखा जा रहा है जहां कोहरा और बारिश का असर रहेगा.

तमिलनाडु और केरल में होगी बारिश

तमिलनाडु और केरल में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. तूतुकुड़ी, तेन्कासी और कन्याकुमारी जिलों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी है. कोमोरिन क्षेत्र और मन्नार की खाड़ी में तेज हवाएं चलने की संभावना है. बाताया जा रहा है कि अगले दो दिनों तक हवा की गति 35-45 किमी/घंटा तक रह सकती है.

जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम?

जम्मू-कश्मीर में घाटी क्षेत्रों में हिमपात जारी है. श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम में तापमान माइनस में बना हुआ है. जम्मू में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री जबकि कटरा और बटोत में 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग ने 24-28 जनवरी तक शुष्क मौसम की संभावना जताई है. 29-31 जनवरी के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital