मुंबई ने मेघालय के खिलाफ रणजी मुकाबले के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित की

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 28 Jan 2025 03:20 PM
मुंबई ने मेघालय के खिलाफ रणजी मुकाबले के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित की
ऑडियो सुनें

मुंबई: गत चैंपियन मुंबई ने बृहस्पतिवार से यहां मेघालय के खिलाफ शुरू हो रहे करो या मरो के अपने रणजी एलीट ग्रुप ए मैच के लिए रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर जैसे भारतीय खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की।

अंगकृष रघुवंशी, सूर्यांश शेडगे और अथर्व अंकोलकर की टीम में वापसी हुई है। पिछले सप्ताह जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पांच विकेट से हार झेलने वाली मुंबई की टीम में भारत के स्टार खिलाड़ी जायसवाल, अय्यर और रोहित नहीं होंगे। ये सभी छह फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली आगामी एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम से जुड़ गए हैं।

ये तीनों खिलाड़ी यहां बीकेसी मैदान पर छठे दौर के मैच में खेले थे। रोहित और जायसवाल ने घरेलू क्रिकेट में नियमित रूप से खेलने के भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश का पालन किया। दूसरी ओर अय्यर इस साल सभी प्रारूपों की घरेलू प्रतियोगिताओं में मुंबई की टीम का अहम हिस्सा रहे।

रोहित, जायसवाल और अय्यर अगले महीने होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का भी हिस्सा हैं।
जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मुंबई की एकादश में शामिल रहे कर्श कोठारी को टीम में नहीं चुना गया है।
जम्मू-कश्मीर के खिलाफ हार ने मुंबई की खिताब की रक्षा के अभियान को नुकसान पहुंचाया है क्योंकि अंिजक्य रहाणे की अगुवाई वाली टीम को अब मेघालय के खिलाफ बोनस अंक के साथ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी और उम्मीद करनी होगी कि बड़ौदा शीर्ष पर चल रहे जम्मू-कश्मीर को उनके मैदान पर हरा दे।

मुंबई की टीम: अंिजक्य रहाणे (कप्तान), आयुष म्हात्रे, अंगकृष रघुवंशी, अमोघ भटकल, सिद्धेश लाड, आकाश आनंद, हार्दिक तमोरे, सूर्यांश शेडगे, शारदुल ठाकुर, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा, रॉयस्टन डायस, श्रेयस गुरव और अथर्व अंकोलकर।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital