तृषा की शतकीय पारी से भारत ने स्कॉटलैंड को 150 रन से रौंदा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Jan 2025 07:54 PM
तृषा की शतकीय पारी से भारत ने स्कॉटलैंड को 150 रन से रौंदा
ऑडियो सुनें

कुआलालंपुर. सलामी बल्लेबाज तृषा गोंगाडी ने अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का पहला शतक जड़कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराया जिससे भारत ने मंगलवार को यहां स्कॉटलैंड को 150 रन से करारी शिकस्त दी. सलामी बल्लेबाज तृषा ने 59 गेंद की नाबाद पारी में 13 चौके और चार छक्के की मदद से 110 रन की पारी खेली. ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तृषा पहले विकेट के लिए कमालिनी जी (42 गेंद में 51 रन) के साथ 147 रन की साझेदारी करने के बाद सानिका चालके (20 गेंद में नाबाद 29 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की अटूट साझेदारी की.

ग्रुप एक के इस मैच से पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम ने 20 ओवर में एक विकेट पर 208 रन बनाने के बाद स्कॉटलैंड को 14 ओवर में 58 रन पर आउट कर दिया. भारतीय टीम अब 31 जनवरी को खेले जाने वाले सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करेगी. स्कॉटलैंड के लिए सलामी बल्लेबाज पिप्पा केली (12) और एम्मा वालसिंघम (12) शीर्ष स्कोरर रहीं.

बायें हाथ की स्पिनर आयुषी शुक्ला (आठ रन पर चार विकेट) की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने स्कॉटलैंड को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया. वैष्णवी शर्मा ने पांच रन पर तीन विकेट लिये जबकि बल्ले से कमाल करने वाली तृषा ने छह रन देकर तीन बल्लेबाजों को चलता किया. शानदार लय में चल रही तेलंगाना की 19 साल की तृषा ने इससे पहले दो मैचों से 40 से अधिक रन की पारी खेली है.

ग्रुप के अन्य मैच में बांग्लादेश ने अपने अभियान का अंत सुपर सिक्स चरण में वेस्टइंडीज पर 10 विकेट की जीत के साथ किया.
वेस्टइंडीज को छह विकेट पर 54 रन पर रोकने के बाद बांग्लादेश ने जुएरिया फिरदौस के नाबाद 25 रन की मदद से 13 ओवर में जीत दर्ज की. इस जीत से टीम ग्रुप एक में तीसरे स्थान पर रही. ग्रुप दो में बारिश के कारण दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका का मैच शुरू हुए बिना रद्द हो गया. दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. इस मैच से एक अंक मिलने के बाद अमेरिका ग्रुप तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu