सलमान खान के साथ फिल्म में वक्त लगेगा, फिलहाल ‘बड़ा नाम करेंगे’ पर काम जारी है : सूरज बड़जात्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Jan 2025 08:06 PM
सलमान खान के साथ फिल्म में वक्त लगेगा, फिलहाल ‘बड़ा नाम करेंगे’ पर काम जारी है : सूरज बड़जात्या
ऑडियो सुनें

मुंबई. प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सूरज बड़जात्या ने कहा है कि सलमान खान के साथ उनकी संभावित फिल्म की पटकथा पर अभी काम चल रहा है और फिलहाल उनका पूरा ध्यान उनकी वेब सीरीज. ‘बड़ा नाम करेंगे’ पर है. ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन..!’, ‘हम साथ साथ हैं’, और ‘विवाह’ जैसी हिट फिल्में बनाने वाले सूरज बड़जात्या इस सीरीज. के शो रनर हैं. यह शो राजनिर्माण कंपनी का ओटीटी में पहला कदम है.

सलमान खान के साथ फिल्म के अपडेट पर पूछे जाने पर बड़जात्या ने पीटीआई-भाषा से कहा, “इसमें मुझे थोड़ा वक्त लगेगा क्योंकि मैं अभी इसकी पटकथा लिख रहा हूं. फिलहाल सारा ध्यान ‘बड़ा नाम करेंगे’ पर है. यह हमारे लिए बहुत बड़ा कदम है. यह हमारी ओटीटी की पहली पेशकश है. मैं यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि दर्शक इसे कैसे स्वीकारते हैं.” बड़जात्या ने सलमान खान के साथ अपने करियर की शुरुआत 1989 में ‘मैंने प्यार किया’ से की थी. इसके बाद उन्होंने ‘हम आपके हैं कौन..!’, ‘हम साथ साथ हैं’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ में उनके साथ काम किया.

उन्होंने कहा कि वह अपनी पटकथा लिखने में समय लेते हैं. सूरज बड़जात्या ने अपनी सभी फिल्मों में सलमान खान को ‘प्रेम’ नाम से पेश किया है, जो अब सुपरस्टार का एक प्रतिष्ठित किरदार बन चुका है. उन्होंने कहा, “यह किरदार मेरे और सलमान भाई के साथ शुरू हुआ. जब हम ‘मैंने प्यार किया’ कर रहे थे, तो मैं सीन लिखते समय सलमान भाई के पास जाता था. वह उसे पढ़ते और अपने विचार जोड़ते थे. इस तरह यह किरदार वर्षों में उभरा. लेकिन हमने कभी नहीं सोचा था कि यह इतना प्रतिष्ठित बन जाएगा.” ‘बड़ा नाम करेंगे’ की कहानी ऋषभ और सुरभि (ऋतिक घनशानी और आयशा कदमकर) पर आधारित है. वे अपने सपनों को पूरा करते हुए पारंपरिक पारिवारिक मूल्यों को अपनाने की कोशिश करते हैं. इस सीरीज. का निर्देशन ‘गुल्लक’ के निर्देशक पलाश वासवानी ने किया है.
यह शो 7 फरवरी को सोनी लिव पर प्रीमियर होगा. इसमें कंवलजीत सिंह, अल्का अमिन, राजेश जैस, जमील खान, राजेश तैलंग और अंजना सुखानी जैसे कलाकार भी शामिल हैं.

सैफ पर चाकू से हमले पर सूरज बड़जात्या : वह एक योद्धा हैं, मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं

फिल्म निर्देशक सूरज बड़जात्या ने कहा कि सैफ अली खान एक “योद्धा” हैं, जो उन पर चाकू से हुए हमले की घटना से बहुत मजबूती से उबरकर निकलेंगे. सैफ 1999 में प्रर्दिशत बड़जात्या की पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘हम साथ साथ हैं’ में अहम किरदार में नजर आए थे. इसमें सलमान खान, मोहनीश बहल, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और करिश्मा कपूर ने भी प्रमुख भूमिकाएं निभाई थीं. सैफ (54) पर 16 जनवरी को तड़के मुंबई के बांद्रा स्थित उनके फ्लैट में एक हमलावर ने चाकू से छह बार वार किए थे. अभिनेता की लीलावती अस्पताल में रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की गई थी. उन्हें 21 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी.

बड़जात्या ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मेरी दुआएं हमेशा उनके साथ हैं. हमने एक खूबसूरत फिल्म साथ में की थी. हमने लगभग 150 दिन इसकी शूटिंग की और इसने शानदार प्रदर्शन किया. मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं. वह एक योद्धा हैं. वह बहुत ही मजबूती से उबरकर निकलेंगे.” बड़जात्या की वेब सीरीज ‘बड़ा नाम करेंगे’ सात फरवरी को सोनी लिव पर आने वाली है. इसमें रितिक घनशानी, आयशा कडुस्कर, कंवलजीत सिंह, अलका अमीन, जमील खान, दीपिका अमीन, राजेश तैलंग, अंजना सुखनी और राजेश जैस अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu