बांग्लादेश से घुसपैठ की कोशिशों को लेकर असम बेहद सतर्क: हिमंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Jan 2025 08:24 PM
बांग्लादेश से घुसपैठ की कोशिशों को लेकर असम बेहद सतर्क: हिमंत
ऑडियो सुनें

कोकराझार. मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को यहां कहा कि बांग्लादेश से घुसपैठ की कोशिशों को लेकर असम बेहद सतर्क है. उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश में हालात अभी अच्छे नहीं हैं और ऐसा सुनने में आया है कि आईएसआई बांग्लादेशी आतंकवादियों के एक वर्ग के साथ मिलकर फिर से संगठित होने की कोशिश कर रही है. शर्मा ने कहा, ”बांग्लादेश से घुसपैठ की कोशिशों के मामले में असम बहुत सतर्क है.” वह 2020 के बोडो शांति समझौते के पांच साल पूरे होने के अवसर पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बात कर रहे थे. शर्मा ने कहा कि असम में कोई भी शांति भंग नहीं करना चाहता और राज्य में उग्रवाद के लिए कोई स्थानीय समर्थन नहीं है.

उल्फा प्रमुख परेश बरुआ से संबंधित सवाल पर शर्मा ने कहा कि उग्रवादी नेता भी ”शांति चाहते हैं और राज्य में शांति एवं स्थिरता को पटरी से नहीं उतारना चाहते.” यह पूछे जाने पर कि क्या असम सरकार बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र में निवेश के लिए उद्योगपतियों को आमंत्रित करने का प्रस्ताव कर रही है, मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी लोग भूमि के बारे में ”बहुत संवेदनशील” हैं और इसलिए उद्योगों तथा व्यवसायों के लिए भूमि आवंटित करने से पहले उनसे बात करने की जरूरत होगी तथा उन्हें विश्वास में लेना होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu