पंजाब सरकार आंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के लिए माफी मांगे: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Jan 2025 09:52 PM
पंजाब सरकार आंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के लिए माफी मांगे: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पंजाब के अमृतसर में संविधान निर्माता डॉ. बी आर आंबेडकर की मूर्ति के अपमान की मंगलवार को निंदा की और कहा कि राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने एक बयान में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की और कहा कि ऐसा करने में विफलता को केंद्र और पंजाब दोनों सरकारों द्वारा इस तरह की बर्बरता को बढ़ावा देना माना जाएगा. खरगे ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी अमृतसर में डॉ. आंबेडकर की मूर्ति की देखरेख का अभाव और तोड़फोड़ के लिए पंजाब सरकार से तत्काल और बिना शर्त माफी की मांग करती है.

उन्होंने कहा, ”हम यह भी मांग करते हैं कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. अन्यथा, देश यह सोचने पर मजबूर हो जाएगा कि केंद्र सरकार और पंजाब सरकार दोनों इस तरह की बर्बरता को बढ़ावा दे रही हैं.” खरगे ने आरोप लगाया कि यह बेहद निराशाजनक और अपमानजनक है कि भारत के संविधान के मुख्य शिल्पकार और सामाजिक न्याय के प्रतीक आंबेडकर के सम्मान को मौजूदा शासन व्यवस्था के तहत कुचला जा रहा है.

उन्होंने कहा कि पंजाब में आंबेडकर की प्रतिमा को अपवित्र करने का मुद्दा इस बात की याद दिलाता है कि मौजूदा शासन में समानता और सामाजिक समावेशन के वादे कितने खोखले हैं. खरगे ने कहा कि पंजाब सरकार ने अपनी राजनीति और वोट मांगने के लिए आंबेडकर के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करने के हर अवसर को भुनाया, लेकिन जब उनके मूल्यों और दृष्टिकोण की रक्षा करने की बात आई, तो वह बुरी तरह विफल रही.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu