रेलवे ने प्रयागराज से ‘Evacuation’ प्लान बनाया, सैकड़ों ट्रेनें चलाई जाएंगी

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 29 Jan 2025 02:47 PM
रेलवे ने प्रयागराज से ‘Evacuation’ प्लान बनाया, सैकड़ों ट्रेनें चलाई जाएंगी
ऑडियो सुनें

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जारी महाकुंभ में भारी संख्या में लोगों का आना जारी है। बुधवार को मौनी अमावस्या के अवसर पर करोड़ों की संख्या में लोग त्रिवेणी संगम में स्नान के लिए पहुंचे हैं।

इस दौरान महाकुंभ क्षेत्र में देर रात भगदड़ जैसी स्थिति भी मच गई जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है। ऐसे में इस भारी भीड़ को देखते हुए अब रेलवे ने प्रयागराज के इवेकुएशन प्लान बनाया है। आइए जानते हैं कि क्या है रेलवे की प्लानिंग।

क्या है रेलवे का प्लान?

रेलवे की तरफ से फिलहाल कोई भी स्पेशल ट्रेन रद्द नहीं की गई है। रेलवे ने प्रयागराज से इवेकुएशन प्लान बनाया है जिसके तहत कई खाली ट्रेनें प्रयागराज भेजी जा रही हैं। इसका मकसद है कि करीब 4 मिनट के अंतराल में एक ट्रेन चलाई जा सके और जल्द से जल्द संगम से जुड़े रेलवे स्टेशन से लोगों को लेकर जाया जा सके।

360 से ज्यादा ट्रेनें चलेंगी

प्रयागराज में जारी महाकुंभ में स्थिति को सामान्य करने की योजना के तहत रेल मंत्रालय की ओर से भी जानकारी साझा की गई है। रेल मंत्रालय ने कहा है कि रेलवे ने आज प्रयागराज क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों से 360 से अधिक ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। फिलहाल किसी भी स्पेशल ट्रेन को रद्द करने की कोई योजना नहीं है। सीएम योगी ने भी बताया है कि रेलवे ने श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक वापस ले जाने के लिए प्रयागराज क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों से स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की है।

आज 3.5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने स्नान किया

CM योगी महाकुंभ को लेकर अधिकारियों से लगातार जानकारी ले रहे हैं और महाकुंभ में हेलीकॉप्टर से भी निगरानी रखी जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आज बुधवार को 3.5 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने अब तक त्रिवेणी संगम में स्नान कर लिया है। बता दें कि 28 जनवरी की तारीख तक 19.94 करोड़ लोगों ने महाकुंभ में स्नान किया है। वहीं आज बुधवार को मौनी अमावस्या के दिन करीब 8-10 करोड़ लोगों के स्नान करने का अनुमान है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital