चुनावी मंच पर प्रधानमंत्री मोदी ने तीन बार छुए भाजपा उम्मीदवार के पैर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Jan 2025 08:12 PM
चुनावी मंच पर प्रधानमंत्री मोदी ने तीन बार छुए भाजपा उम्मीदवार के पैर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार ने बुधवार को एक चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पैर छू लिए तो उन्होंने झुकते हुए तीन बार पार्टी प्रत्याशी के पैर छू लिए. यह वाकया तब हुआ जब प्रधानमंत्री मोदी पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करतार नगर में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे.

मोदी के मंच पर पहुंचने के बाद क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार एक-एक कर मोदी से मिल रहे थे. इसी दौरान पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार रवींद्र नेगी जब प्रधानमंत्री के निकट पहुंचे तो उन्होंने झुककर अपने बाएं हाथ से मोदी के दोनों पैर छुए. इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी भी उनकी ओर झुक गए और लगातार तीन बार नेगी के पैर छूते नजर आए. इस दौरान, नेगी खड़े थे और वह मुस्कुरा भी रहे थे. बाद में प्रधानमंत्री ने उन्हें आगे बढ़ने का इशारा किया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों द्वारा साझा किया जा रहा है.

प्रधानमंत्री मोदी को अक्सर देखा गया है कि जब कोई बुजुर्ग महिला या पुरुष उनके पैर छूता है तो वह भी उनके पैर छू लेते हैं. लेकिन यह संभवत: पहली बार है जब मोदी को किसी भाजपा उम्मीदवार के पैर छूते हुए देखा गया. नेगी पूर्वी दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं. उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के अवध ओझा और कांग्रेस के चौधरी अनिल कुमार से है.

पिछले विधानसभा चुनाव में यहां से दिल्ली के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जीत दर्ज की थी. साल 2020 के इस विधानसभा चुनाव में सिसोदिया को नेगी से कड़ी टक्कर मिली थी. सिसोदिया 3,200 से अधिक मतों से यह चुनाव जीत पाए थे.
नेगी (48) वर्तमान में दिल्ली नगर निगम के सदस्य हैं और विनोद नगर वार्ड-198 से पार्षद हैं. वह क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हैं और उनकी छवि कट्टर हिन्दू की भी है. मुसलमानों की पहचान से संबंधित उनके कई विवादित वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर साझा भी किए जाते रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu