प्रयागराज की उड़ानों के ऊंचे किराये पर हरकत में सरकार, इंडिगो ने किराया 50% तक घटाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Jan 2025 09:09 PM
प्रयागराज की उड़ानों के ऊंचे किराये पर हरकत में सरकार, इंडिगो ने किराया 50% तक घटाया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. महाकुंभ के लिए देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के बीच देखे जा रहे भारी उत्साह के बीच प्रयागराज की उड़ानों के किराये बेहद ऊंचे स्तर पर चले जाने को लेकर बुधवार को नागर विमानन मंत्रालय ने एयरलाइंस से उचित किराया तय करने के लिए कहा. इस निर्देश के बाद देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने प्रयागराज के लिए अपनी उड़ानों के किराये में 30-50 प्रतिशत तक की कटौती कर दी है. सूत्रों ने यह जानकारी दी.

इसके पहले उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने प्रयागराज की उड़ानों का हवाई किराया ‘बुहत अधिक’ हो जाने की बात कही और विमानन नियामक डीजीसीए से इस दिशा में कदम उठाने की मांग की. प्रयागराज के संगम क्षेत्र में 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ मेले का हिस्सा बनने के लिए देश-विदेश के लाखों लोग पहुंच रहे हैं. इसकी वजह से हवाई यात्रा की मांग बहुत तेजी से बढ़ी जिससे किराये में भी जबर्दस्त उछाल आया है. ऐसी स्थिति में नागर विमानन मंत्रालय ने एयरलाइंस से टिकट की कीमतों को तर्कसंगत बनाने के लिए कहा था.

नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने बुधवार को सचिव वी वुलनाम, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के महानिदेशक फैज अहमद किदवई और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रयागराज की उड़ानों के संबंध में एयरलाइंस प्रतिनिधियों से मुलाकात की.
मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि महाकुंभ महोत्सव के दौरान उचित किराया बनाए रखते हुए देश भर से प्रयागराज के लिए हवाई संपर्क की पर्याप्तता की समीक्षा की गई. उसने कहा कि श्रद्धालुओं को एक सहज और आरामदायक यात्रा अनुभव देने के लिए नियमित समन्वय बैठकें आयोजित की गई हैं.

इस बीच, सूत्रों ने कहा कि इंडिगो ने प्रयागराज की उड़ानों के लिए हवाई किराये में 30-50 प्रतिशत तक की कटौती कर दी है. हालांकि एयरलाइन की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई. इंडिगो की वेबसाइट के अनुसार, 31 जनवरी के लिए टिकट की कीमत 21,200 रुपये से अधिक है और 12 फरवरी के लिए सबसे कम कीमत 9,000 रुपये है. इंडिगो लखनऊ, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और अहमदाबाद से प्रयागराज के लिए उड़ानें संचालित करती है. हालांकि एयर इंडिया, अकासा एयर और स्पाइसजेट की ओर से प्रयागराज की उड़ानों के किराये को लेकर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई.

इससे पहले दिन में उपभोक्ता मामलों के मंत्री जोशी ने कहा कि हवाई किराया बहुत अधिक हो जाने से महाकुंभ में भाग लेने की योजना बना पाना मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा कि किराया कीमतें कम करने के लिए कदम उठाने को डीजीसीए को लिखा गया है. नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार को कहा था कि प्रयागराज के लिए हवाई किराया तर्कसंगत बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं और बढ़ती यातायात मांग को पूरा करने के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ा दी गई है. फिलहाल देश के विभिन्न शहरों से प्रयागराज के लिए लगभग 80,000 मासिक सीटों के साथ 132 उड़ानें संचालित हो रही हैं. प्रयागराज 26 शहरों तक पहुंचने वाली सीधी और कनेक्टिंग उड़ानों के जरिये जुड़ा हुआ है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu