अमेरिका : यात्री विमान की सेना के हेलीकॉप्टर से टक्कर, 64 लोगों के मारे जाने की आशंका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 10:39 PM
अमेरिका : यात्री विमान की सेना के हेलीकॉप्टर से टक्कर, 64 लोगों के मारे जाने की आशंका
ऑडियो सुनें

अर्लिंगटन. सेना के एक हेलीकॉप्टर से अमेरिकन एयरलाइंस के विमान की टक्कर होने से उसमें सवार सभी 64 लोगों के मारे जाने की आशंका है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इस दुर्घटना को अमेरिका के गत 25 साल के इतिहास का सबसे भीषण विमान हादसा माना जा रहा है.

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात को पोटोमैक नदी के बर्फीले पानी से कम से कम 28 शव निकाले गए. यह घटना उस समय हुई जब वाशिंगटन के निकट रोनाल्ड रीगन हवाई अड्डे पर उतरते समय हेलीकॉप्टर यात्री विमान के रास्ते में आ गया. बचावकर्मी अब भी 60 यात्रियों और चालक दल के चार सदस्यों की तलाश कर रहे थे, लेकिन आशंका है कि शायद ही कोई जिंदा बचा हो.

अमेरिका की राजधानी में अग्निशमन प्रमुख जॉन डोनेली ने कहा, ”हम अब उस स्थिति में पहुंच गए हैं जहां हम बचाव अभियान से लाशों की तलाश की ओर बढ. रहे हैं. हमारा मानना है कि अब किसी के जीवित होने की संभावना नहीं है.” विमान का ढांचा तीन टुकड़ों में कमर तक गहरे पानी में मिला. हेलीकॉप्टर का मलबा भी मिल गया है. टक्कर के कारण के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है. हालांकि अधिकारियों ने बताया कि उड़ान की स्थिति स्पष्ट थी क्योंकि कंसास के विचिटा से आ रहा विमान पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के तहत उतर रहा था और उसमें अमेरिकी और रूसी ‘फिगर स्केटर’ और अन्य लोग सवार थे, तभी हेलीकॉप्टर उसके रास्ते में आ गया.

अमेरिकन एयरलाइंस के सीईओ रॉबर्ट इसोम ने कहा, ”इस समय, हमें यह नहीं पता कि सैन्य हेलीकॉप्टर विमान के रास्ते में क्यों आया.” एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर में तीन सैनिक सवार थे. परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा, ”मैं बस इतना कहूंगा कि अमेरिकी आसमान में उड़ान भरने वाला हर व्यक्ति यह उम्मीद करता है कि वह सुरक्षित उड़ान भरे.”

उन्होंने कहा, ”जब आप हवाई अड्डे से रवाना होते हैं, तो आप अपने गंतव्य पर पहुंच जाते हैं. कल रात ऐसा नहीं हुआ, और मुझे पता है कि राष्ट्रपति ट्रंप, उनका प्रशासन, संघीय विमानन प्रशासन (एफएए), परिवहन विभाग (डीओटी), हम तब तक आराम नहीं करेंगे जब तक कि हमारे पास परिवारों और उड़ान भरने वाले लोगों के लिए जवाब न हो. आपको आश्वस्त होना चाहिए कि जब आप उड़ान भरते हैं, तो आप सुरक्षित होते हैं.” संघीय विमानन प्रशासन ने घोषणा की है कि रीगन हवाई अड्डा बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11 बजे फिर से खुलेगा. एफएए ने पहले कहा था कि यह शुक्रवार सुबह पांच बजे तक बंद रहेगा.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रात को सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में संकेत दिया कि इस टक्कर को रोका जा सकता था. इस बारे में डफी ने कहा, ”अब तक जो मैंने देखा है, क्या मुझे लगता है कि इसे रोका जा सकता था? बिल्कुल.” रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ बृहस्पतिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित नहीं हुए. उनके द्वारा बाद में पेंटागन में पत्रकारों को जानकारी देने की उम्मीद है.

यदि विमान में सवार सभी लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो जाती है तो यह 12 नवंबर 2001 के बाद से सबसे घातक अमेरिकी विमान दुर्घटना होगी. उस समय अमेरिकन एयरलाइंस का एक विमान कैनेडी हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद न्यूयॉर्क के बेले हार्बर के आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उसमें सवार सभी 260 लोग मारे गए थे.

विमान के रेडियो ट्रांसपोंडर से मिले डेटा के अनुसार, ‘अमेरिकन एयरलाइंस’ की उड़ान संख्या 5342 लगभग 400 फुट की ऊंचाई से करीब 140 मील प्रति घंटे की गति से हवाई अड्डे की ओर आ रही थी, तभी पोटोमैक नदी के ऊपर इसकी ऊंचाई तेजी से कम हो गई.
कनाडा में 2004 में निर्मित बॉम्बार्डियर सीआरजे-701 ट्विन-इंजन जेट में 70 यात्री यात्रा कर सकते थे.

विमान के उतरने से कुछ मिनट पहले ‘हवाई यातायात नियंत्रकों’ ने उससे पूछा कि क्या वह रीगन हवाई अड्डे के अपेक्षाकृत छोटे रनवे 33 पर उतर सकता है जिसके बाद विमान चालकों ने कहा कि वे ऐसा कर सकते हैं. इसके बाद नियंत्रकों ने विमान को रनवे 33 पर उतरने की अनुमति दे दी. उड़ानों पर नजर रखने वाली साइट के अनुसार, विमान ने नए रनवे पर जाने के लिए अपना मार्ग बदला. दुर्घटना से 30 सेकंड से भी कम समय पहले एक हवाई यातायात नियंत्रक ने हेलीकॉप्टर से पूछा कि क्या उसे विमान आता दिखाई दे रहा है. उसके कुछ सेकंड बाद टक्कर हो गयी. विमान के रेडियो ट्रांसपोंडर ने रनवे से करीब 2,400 फुट पहले (नदी के लगभग बीचों बीच) प्रसारण बंद कर दिया. अमेरिकी सेना ने बताया कि हेलीकॉप्टर वर्जीनिया के फोर्ट बेलवोइर में तैनात यूएच-60 ब्लैकहॉक था और प्रशिक्षण उड़ान पर था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu