आप का दावा : ईसी की टीम तलाशी के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री के दिल्ली स्थित आवास पहुंची

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 08:26 PM
आप का दावा : ईसी की टीम तलाशी के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री के दिल्ली स्थित आवास पहुंची
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की एक टीम तलाशी के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिल्ली स्थित कपूरथला हाउस आवास पर पहुंची है. आप ने एक बयान में कहा कि निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की एक टीम परिसर की तलाशी लेने के लिए मान के कपूरथला हाउस में मौजूद है.

यहां कॉपरनिकस मार्ग पर स्थित कपूरथला हाउस के बाहर एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि वहां से ”नकदी” बांटे जाने के बारे में एक शिकायत मिली है. उन्होंने कहा कि टीम तलाशी करने के लिए अनुमति मिलने का इंतजार कर रही है. इस बीच, मान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली में खुलेआम पैसे बांट रही, लेकिन निर्वाचन आयोग को यह नहीं दिख रहा और अधिकारी मेरे कपूरथला हाउस आवास पर छापा मारने पहुंच गये.

पंजाब के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और दिल्ली पुलिस, भाजपा के इशारे पर पंजाबियों को बदनाम करने की कोशिश कर रही. वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास पर ”छापा” मारने के लिए (अधिकारियों की) एक टीम पहुंची है.

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग खुलेआम पैसे, जूते, चप्पल और बेडशीट बांट रहे हैं लेकिन पुलिस को यह नहीं दिख रहा और जनता द्वारा चुने गए एक मुख्यमंत्री के आवास पर ”छापा” मारने पहुंच गई. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के अधिकारियों और उड़न दस्ते की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के कर्मी साथ में हैं.

पंजाब सरकार का स्टिकर और राज्य के पंजीकरण नंबर वाला एक निजी वाहन दिल्ली पुलिस द्वारा जब्त किये जाने के एक दिन बाद यह घटनाक्रम हुआ है. पंजाब भवन के पास खड़ी गाड़ी से शराब, नकदी और आप की चुनाव प्रचार सामग्री बरामद होने के बाद दिल्ली पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu