ठाणे में अवैध रूप से रह रहीं बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, मकान मालिक की तलाश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 09:01 PM
ठाणे में अवैध रूप से रह रहीं बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, मकान मालिक की तलाश
ऑडियो सुनें

ठाणे/मुंबई. महाराष्ट्र के ठाणे शहर में अवैध रूप से रह रहीं बांग्लादेशी चार महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि अवैध प्रवासियों को किराए पर अपना मकान देने वाले मालिक की तलाश की जा रही है.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने मंगलवार शाम मनोरपाड़ा में स्थित नगर निकाय के पुनर्वास ‘चॉल’ पर छापा मारा. उन्होंने बताया कि वहां एक कमरे में 38 से 50 साल की उम्र की चार बांग्लादेशी महिलाएं रह रही थीं. जांच के दौरान वे भारत में रहने के लिए कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सकीं. अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उन चारों महिलाओं को गिरफ्तार करने के बाद उनके और मकान मालिक के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या प्रवासी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा: नितेश राणे

महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने दावा किया है कि भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक और रोहिंग्या सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी चिंता का विषय हैं और यह समाज का इस्लामीकरण किए जाने का एक प्रयास है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने यह भी कहा कि अवैध प्रवासियों को भारत में रहने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए.

राणे ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा, ”अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं का यहां रहना सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा खतरा है. ये हमारे समाज का इस्लामीकरण किए जाने का एक प्रयास है. पिछली घटनाओं से पता चलता है कि यह मुंबई और देश के लिए एक गंभीर खतरा है.” उन्होंने कहा कि मंगल प्रभात लोढ.ा और किरीट सोमैया समेत भाजपा नेता मुंबई के हितों की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं. मंत्री ने कहा कि अवैध प्रवासियों को भारत में रहने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और उन्हें पाकिस्तान तथा बांग्लादेश में भेज देना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu