अयोध्या में जुटा भक्तों का हुजूम, रात से ही राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में लग रही कतारें

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 09:59 PM
अयोध्या में जुटा भक्तों का हुजूम, रात से ही राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में लग रही कतारें
ऑडियो सुनें

अयोध्या. मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में पवित्र संगम में डुबकी लगाने के बाद शाम से ही श्रद्धालुओं के अयोध्या आने का शुरू हुआ सिलसिला बृहस्पतिवार दोपहर बाद तक जारी रहा. भक्त राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन की इच्छा लिये रात से ही कतारों में खड़े दिखाई दिये.

सरकार द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक बयान के मुताबिक गत 96 घंटे में करीब 65 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके हैं. भीड़ के मद्देनजर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरी रात पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं. एक बयान के मुताबिक प्रयागराज में मौनी अमावस्या पर स्नान करने के बाद श्रद्धालु सीधे रामनगरी पहुंच रहे हैं. तड़के चार बजे से ही सरयू के घाटों पर स्नान का सिलसिला शुरू हो जा रहा है और इसके बाद श्रद्धालु हनुमानगढ़ी व राम जन्मभूमि मंदिर का रुख कर रहे हैं.

बयान के मुताबिक राममंदिर और हनुमानगढ़ी में रोजाना कम से कम तीन लाख श्रद्धालु दर्शन को पहुंच रहे हैं. इसकी वजह से मंदिर में दर्शन का समय बढ़ाकर लगभग 18 घंटे कर दिया गया है. बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अयोध्या जिला प्रशासन को समय-समय पर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं. इसके मुताबिक राम जन्मभूमि मंदिर में पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई है और मंदिर परिसर में चिकित्सा शिविर भी लगाया गया है.

राम मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी और स्वयंसेवकों को श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात किया गया है. बयान के मुताबिक अयोध्या आने वाले मुख्य मार्ग के थाने और चौकियों के साथ रेलवे से संपर्क कर श्रद्धालुओं की संख्या का पूर्वानुमान भी लगाया जा रहा है. प्रशासन ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए गोंडा, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर और लखनऊ रोड पर ‘होल्डिंग एरिया’ बनाया गया है, ताकि भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को वहां रोका जा सके. बयान के मुताबिक केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन को अयोध्या पहुंच रहे हैं.

अयोध्या के नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा द्वारा बुधवार शाम को अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के आस-पास और गुरु गोविंद सिंह चौराहे पर लाउड स्पीकर के माध्यम से अपील की कि वे रेलवे स्टेशन कैंट के निकट बने आश्रय स्थल में ही ठहरें. यह अनुरोध श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया.

बयान के मुताबिक शहर में अपर पुलिस महानिदेशक (लखनऊ जोन) एसबी शिरोडकर, आईजी प्रवीण कुमार, आयुक्त गौरव दयाल, जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह, एसएसपी राजकरण नैयर स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. राम जन्मभूमि परिसर में पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) बलरामचारी को तैनात किया गया है. उन्होंने बताया कि राम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा मानकों के अनुसार दर्शन कराया जा रहा है. सुरक्षा की दृष्टि से सिविल पुलिस, पीएसी के अलावा अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu