4 महीने तक फ्लैट में छिपाई गर्लफ्रेंड और उसके पिता की लाश, AC चलाकर भाग गया लवर

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 31 Jan 2025 12:05 PM
4 महीने तक फ्लैट में छिपाई गर्लफ्रेंड और उसके पिता की लाश, AC चलाकर भाग गया लवर
ऑडियो सुनें

तमिलनाडु: चेन्नई में एक होश उड़ाने वाली घटना सामने आई है जिसमें 34 वर्षीय होम्योपैथी डॉक्टर सैमुअल एबेनेजर संपत ने अपनी 37 वर्षीय प्रेमिका सिंथिया की हत्या कर दी.

ये घटना तब हुई जब सिंथिया के पिता सैमुअल शंकर की मौत के बाद दोनों के बीच एक बहस के बाद विवाद उत्पन्न हुआ. बताया जा रहा है कि सिंथिया ने अपने पिता की मौत के लिए संपत को जिम्मेदार ठहराया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी झड़प हुई. झगड़े के दौरान संपत ने सिंथिया को धक्का दे दिया, जिससे वह गिर कर बेहोश हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई.

मृत्यु के बाद आरोपी संपत ने पुलिस से बचने के लिए प्रेमिका और उसके पिता के शवों को चार महीने तक अपने फ्लैट में ही रखा. शवों से आ रही बदबू को छुपाने के लिए उसने कुछ केमिकल्स का इस्तेमाल भी किया और फ्लैट में एसी चलाकर वह कांचीपुरम में अपने रिश्तेदारों के पास चला गया. इस दौरान दोनों शव अपार्टमेंट में पड़े रहे.

पड़ोसियों की शिकायत के बाद हुआ खुलासा

गुरुवार (30 जनवरी) को शवों से निकल रही बदबू ने पड़ोसियों का ध्यान आकर्षित किया. बदबू इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को इस बात की जानकारी दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट खोला और अंदर से दो शव बरामद किए जो सड़ने लगे थे. पुलिस ने आरोपी सैमुअल एबेनेजर संपत को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

सोशल मीडिया पर संपत और सिंथिया की हुई थी मुलाकात

पुलिस ने बताया कि सैमुअल एबेनेज़र ऑस्ट्रिया का रहने वाला है और वह सितंबर 2024 से सिंथिया और उसके पिता के साथ चेन्नई के थिरुमुल्लाइवॉयल के एक अपार्टमेंट में रह रहा था. सिंथिया और संपत की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और वह अपने पिता के इलाज के लिए चेन्नई में रह रहे थे. पुलिस के अनुसार शंकर की मृत्यु के बाद हुए विवाद ने इस हिंसक घटना को जन्म दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital