महिला प्रशंसक को चूमने का वीडियो सामने आने के बाद विवादों में घिरे उदित नारायण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Feb 2025 08:13 PM
महिला प्रशंसक को चूमने का वीडियो सामने आने के बाद विवादों में घिरे उदित नारायण
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. संगीत कार्यक्रम में एक महिला प्रशंसक को चूमने का वीडियो सामने आने के बाद गायक उदित नारायण विवादों में घिर गए हैं. वीडियो में उदित नारायण कार्यक्रम में महिला प्रशंसक को उस समय चूमते नजर आ रहे हैं, जब वह सेल्फी लेते समय उनके गाल पर चुंबन लेने के लिए झुकती है. ‘पीटीआई’ ने जब नारायण (69) से संपर्क किया तो उन्होंने इस विवाद पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

वीडियो में नारायण को महिला प्रशंसकों को चुंबन देते हुए देखा जा सकता है. नारायण उस वक्त फिल्म ”मोहरा” का गाना ”टिप टिप बरसा पानी” गा रहे थे. सोशल मीडिया पर प्रसारित एक क्लिप में गायक सुरक्षा र्किमयों से सेल्फी लेने का प्रयास कर रही एक महिला प्रशंसक को मंच के पास आने देने के लिए कहते हुए नजर आते हैं. जब वह नारायण के साथ फोटो क्लिक करने के लिए उनके करीब जाती है, तो वह उनके गाल पर चूम लेती है, जिसके बाद गायक को भी जवाब में उनके होठों पर चूमते हुए देखा जा सकता है.

नारायण के संगीत कार्यक्रम की तारीख और स्थान की फिलहाल पुष्टि नहीं की जा सकी. नारायण ”मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी”, ”मैं यहां हूं” और ”ऐ अजनबी” जैसे कई मशहूर गानों को आवाज दे चुके हैं. सोशल मीडिया के कई उपयोगकर्ताओं ने नारायण से माफी की मांग की और उनके कृत्य को ”अनुचित” कहा.

‘एक्स’ पर एक उपयोगकर्ता ने लिखा, ”उदित नारायण ने बहुत गलत हरकत की. मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है, लेकिन किसी लड़की को जबरन चूमना अपराध है. उनके खिलाफ उत्पीड़न का मामला दर्ज होना चाहिए.” एक उपयोगकर्ता ने कहा कि नारायण ने अपने करियर के दौरान बहुत सम्मान प्राप्त किया है लेकिन ”सिर्फ एक चुंबन ने उनकी छवि को बर्बाद कर दिया.” उपयोगकर्ता ने कहा, ”यह दिख रहा है कि पहले महिला ने उन्हें चूमा, फिर उन्होंने जवाब में चूमा और सेल्फी लेने आने वाली हर महिला को चूमना शुरू कर दिया. उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था. कोई भी महिला को नहीं जानता. उनकी (नारायण) छवि खराब हो गई.” सोशल मीडिया पर एक उपयोगकर्ता ने कहा, ”उन्हें इस व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफ.ी मांगनी चाहिए क्योंकि ऐसे बहुत से लोग हैं जो उन्हें आदर्श मानते हैं.” सोशल मीडिया पर कुछ लोग नारायण के बचाव में भी आगे आए हैं.

नारायण के एक प्रशंसक ने कहा, ”पहले महिला ने उन्हें चूमा और फिर उन्होंने भी उसे चूमा. लेकिन दिक्कत यह है कि उदित नारायण पुरुष हैं, इसलिए गलती भी उनकी ही है.” एक उपयोगकर्ता ने लिखा, ”पहले, महिला उदित नारायण को उसकी सहमति के बिना चूमती है. फिर, उदित नारायण भी उसे चूमते हैं. इसके बावजूद, वामपंथी और नारीवादी केवल तभी रुदन शुरू करते हैं जब वह जवाब में चूमते हैं-क्योंकि वह एक पुरुष हैं. महिला की हरकतें नजरअंदाज कर दी गईं. क्यों?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu