निर्वाचन आयोग के निष्पक्ष चुनाव कराने की निगरानी के लिए कांग्रेस ने गठित की समिति

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Feb 2025 09:48 PM
निर्वाचन आयोग के निष्पक्ष चुनाव कराने की निगरानी के लिए कांग्रेस ने गठित की समिति
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग द्वारा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराये जाने की निगरानी करने के लिए नेताओं एवं विशेषज्ञों की आठ सदस्यीय एक समिति गठित की है. पार्टी ने एक बयान में कहा कि समिति सबसे पहले महाराष्ट्र मतदाता सूची में छेड़छाड़ के मुद्दे पर विचार करेगी और जल्द से जल्द कांग्रेस नेतृत्व को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी. समिति में कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, अभिषेक सिंघवी, प्रवीण चक्रवर्ती और पवन खेड़ा शामिल हैं. इसके अलावा, गुरदीप सिंह सप्पल, नितिन राउत और चल्ला वामशी चंद रेड्डी भी समिति का हिस्सा हैं.

बयान में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने निर्वाचन आयोग द्वारा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराये जाने की निगरानी करने के लिए तत्काल प्रभाव से नेताओं और विशेषज्ञों का एक अधिकार प्राप्त कार्य समूह (ईगल) गठित किया है. महाराष्ट्र के अलावा, अधिकार प्राप्त कार्य समूह अन्य राज्यों में हुए चुनावों का भी विश्लेषण करेगा और आगामी चुनावों तथा देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने से संबंधित अन्य सभी मुद्दों की सक्रियता से निगरानी करेगा. समिति का गठन दिल्ली विधानसभा चुनाव से कुछ ही दिन पहले किया गया है.

दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच फरवरी को मतदान होना है और मतगणना आठ फरवरी को होगी. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पिछले महीने आरोप लगाया था कि देश की चुनाव प्रणाली में ”गंभीर खामी” है और निर्वाचन आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि चुनावों में पारर्दिशता हो. उन्होंने मांग की थी कि निर्वाचन आयोग इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करे.

राहुल ने 15 जनवरी को पार्टी के नये मुख्यालय के उद्घाटन के अवसर पर कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए दावा किया था कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच मतदाताओं की संख्या में करीब एक करोड़ की वृद्धि हुई है, लेकिन निर्वाचन आयोग न तो विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दे रहा है और न ही मतदाताओं की सूची दे रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu