उत्तर प्रदेश: राम मंदिर के मुख्य पुजारी को मस्तिष्काघात, मुख्यमंत्री योगी ने जाना हालचाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Feb 2025 08:35 PM
उत्तर प्रदेश: राम मंदिर के मुख्य पुजारी को मस्तिष्काघात, मुख्यमंत्री योगी ने जाना हालचाल
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के मुख्य पुजारी को मस्तिष्काघात (ब्रेन स्ट्रोक) के बाद लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्वज्ञिान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. अस्पताल ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम एसजीपीजीआई पहुंचकर आचार्य सत्येंद्र दास का हालचाल जाना और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. अयोध्या के राम जन्म-भूमि मंदिर के मुख्य पुजारी महंत सत्येंद्र दास (85) की मस्तिष्काघात के कारण तबीयत बिगड़ गई और उन्हें रविवार एसजीपीजीआई भर्ती कराया गया.

एसजीपीजीआई ने एक बयान में बताया, “सत्येंद्र दास जी को ‘स्ट्रोक’ हुआ है. उन्हें मधुमेह व उच्च रक्तचाप भी है और वह फिलहाल न्यूरोलॉजी आईसीयू में हैं. उम्र के अलावा उन्हें अन्य बीमारियां भी हैं. उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है और उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है.” दास, छह दिसंबर 1992 को अस्थायी राम मंदिर के पुजारी थे.

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम एसजीपीजीआई पहुंचकर आचार्य सत्येंद्र दास का हालचाल जाना और संबंधित चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. बयान में बताया गया कि योगी ने चिकित्सकों से इलाज की प्रगति पर चर्चा की और आवश्यक दिशानिर्देश दिए.

चिकित्सकों के अनुसार, आचार्य जी की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है और उनकी उम्र व अन्य बीमारियों को देखते हुए चिकित्सक विशेष सावधानी बरत रहे हैं. मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. बयान के मुताबिक, योगी ने सत्येंद्र दास से मुलाकात के बाद ‘लिवर ट्रांसप्लांट यूनिट’ में भर्ती गोरखपुर के पीपीगंज निवासी महेंद्र मिश्र से भी मुलाकात कर उनका हाल जाना.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu