प्रधानमंत्री का भाषणा हताशा से भरा था, हमें ”गालियां देने” के अलावा कुछ नहीं कहा: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Feb 2025 07:50 PM
प्रधानमंत्री का भाषणा हताशा से भरा था, हमें ”गालियां देने” के अलावा कुछ नहीं कहा: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए सिर्फ हताशा और कुंठा से भरी बातें कीं तथा मुख्य विपक्षी दल को ”गालियां देने” के अलावा कोई नहीं बात नहीं की.
राज्यसभा में कांग्रेस के उप नेता प्रमोद तिवारी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ”हताशा और कुंठा से भरा हुआ भाषण था.

लगता है कि प्रधानमंत्री के पास देश को देने के लिए कोई संदेश भी नहीं बचा है. वह अपनी सरकार के कामकाज से पूरी तरह निराश हैं, इसलिए सिर्फ कांग्रेस को गाली देते रहे. वह देश के लिए क्या करेंगे, यह नहीं बता पाए.” कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के उस संबोधन में कांग्रेस के अलावा क्या था, सिर्फ कांग्रेस, कांग्रेस, कांग्रेस था.

उन्होंने कहा, ”वह सुबह से शाम तक कांग्रेस को गालियां देते हैं. उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी या किसी दूसरे प्रधानमंत्री के बारे में चर्चा नहीं की. ऐसा लगता है कि 2014 से पहले कुछ था ही नहीं.” भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के सांसद पी संतोष कुमार ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में सिर्फ तीन बार नेहरू का नाम लिया.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ उनकी सरकार का मूलमंत्र रहा है जबकि कांग्रेस का मूलमंत्र ‘परिवार प्रथम’ रहा है. राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में हुई चर्चा का जवाब देते हुए मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उसने राजनीति का एक ऐसा मॉडल तैयार किया था, जिसमें ‘झूठ, फरेब, भ्रष्टाचार परिवारवाद, तुष्टीकरण आदि का घालमेल था’.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu