इजराइली सैनिकों ने हमास के साथ युद्ध विराम समझौते के तहत गाजा गलियारे से हटना शुरू किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Feb 2025 08:27 PM
इजराइली सैनिकों ने हमास के साथ युद्ध विराम समझौते के तहत गाजा गलियारे से हटना शुरू किया
ऑडियो सुनें

मुगरका(गाजा पट्टी). हमास के साथ हुए युद्ध विराम समझौते के तहत इजराइल की सेना ने रविवार को गाजा के एक प्रमुख गलियारे से हटना शुरू कर दिया. इजराइली अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इस समझौते पर आगे बढ़ा जा रहा है, लेकिन इस बात को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है कि क्या दोनों पक्ष इसके प्रस्तावित विस्तार पर बातचीत करेंगे.

युद्धविराम समझौते के एक भाग के रूप में इजराइल ने नेत्ज.ारिम गलियारे से अपनी सेनाएं हटाने पर सहमति व्यक्त की थी. यह एक भू-पट्टी है जो उत्तरी गाजा को दक्षिणी गाजा से अलग करती है. पिछले महीने युद्ध विराम की शुरुआत में, इजराइल ने फलस्तीनियों को अपने घरों की ओर जाने के लिए नेत्ज.ारिम पार करने की अनुमति देना शुरू कर दिया, जिससे हजारों लोग पैदल और कार से गाजा पार कर रहे हैं. क्षेत्र से इजराइली सैनिकों का हटना, समझौते के प्रति एक और प्रतिबद्धता को पूरा करेगा. इस समझौते ने 15 महीने के युद्ध को रोक दिया है.

हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों पक्षों ने समझौते के दूसरे चरण पर बातचीत में बहुत कम प्रगति की है, जिसका उद्देश्य युद्धविराम को आगे बढ़ाना तथा हमास द्वारा बंधक बनाए गए और भी इजराइली बंधकों को रिहा कराना है. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू कतर में एक प्रतिनिधिमंडल भेज रहे हैं, जो दोनों पक्षों के बीच वार्ता में एक प्रमुख मध्यस्थ है. लेकिन इस अभियान में निचले रैंक के अधिकारी शामिल थे, जिससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि इससे युद्धविराम को आगे बढ़ाने में कोई सफलता नहीं मिलेगी.

नेतन्याहू द्वारा इस सप्ताह समझौते के दूसरे चरण पर प्रमुख कैबिनेट मंत्रियों की बैठक बुलाने की भी उम्मीद है. रविवार को फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 23 वर्षीय एक फलस्तीनी महिला, जो आठ महीने की गर्भवती है, वेस्ट बैंक में इजराइली गोलीबारी में घायल हो गई, जहां इजराइली सैनिक एक व्यापक अभियान चला रहे हैं. रविवार को, पानी की टंकियों और सूटकेस सहित अन्य सामानों से लदी कारें नेत्ज.ारिम को पार करने वाली सड़क से उत्तर की ओर जाती देखी गईं. समझौते के तहत, इजराइल को कारों को बिना जांचे पार करने की अनुमति देनी है, और सड़क के आस-पास कोई सैनिक नहीं दिखाई दिया.

हमास के प्रवक्ता अब्देल लतीफ अल-कानौआ ने कहा कि इजराइली सैनिकों के हटने से पता चलता है कि हमास ने ”दुश्मन को हमारी मांगों के आगे झुकने के लिए मजबूर किया.” हमास 7 अक्टूबर 2023 के हमले के दौरान बंधक बनाये गए 33 इजराइलियों को क्रमिक रूप से रिहा कर रहा है, जिसके बदले में लड़ाई रोकी जाएगी, सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाएगा और युद्धग्रस्त गाजा में मानवीय सहायता बढ़ाई जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu