भारत के बाद चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड सबसे मजबूत टीमों में से एक: आर अश्विन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Feb 2025 10:18 PM
भारत के बाद चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड सबसे मजबूत टीमों में से एक: आर अश्विन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. महान स्पिनर आर अश्विन ने भारत और न्यूजीलैंड को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए सबसे मजबूत टीमें करार देते हुए कहा कि मुख्य खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया को हल्के में नहीं लिया जा सकता है क्योंकि बड़ी प्रतियोगिताओं में यह टीम अपने खेल के शीर्ष पर होती है. आईसीसी का यह प्रमुख टूर्नामेंट 19 फरवरी को पाकिस्तान में शुरू होगा लेकिन भारत अपने सभी मैच हाइब्रिड मॉडल के तहत दुबई में खेलेगा.

अश्विन ने अपने ‘यूट्यूब चैनल’ पर कहा, ”भारत को दुबई में घरेलू माहौल जैसे मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा. भारत का सामना करने वाली टीमों को लगेगा कि वे भारतीय परिस्थितियों में ही खेल रहे हैं. यह निश्चित रूप से अन्य टीमों के लिए एक समस्या है.” अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई वर्षों के अंतराल के बाद त्रिकोणीय श्रृंखला की वापसी हुई और अश्विन का मानना है कि भारतीय टीम को भी चैंपियंस ट्रॉफी की बेहतर तैयारी के लिए इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखला के बजाय त्रिकोणीय टूर्नामेंट में खेलना चाहिए था.

भारत के इस पूर्व स्पिनर ने कहा, ”इंग्लैंड के खिलाफ खेलकर क्या चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत की तैयारी पर्याप्त होगी? क्या हमें त्रिकोणीय श्रृंखला भी खेलनी चाहिए थी? पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका पाकिस्तान की परिस्थितियों में खेल रहे हैं, जिससे उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी में मदद मिलेगी.” उन्होंने कहा, ”भारत ने इस बड़े टूर्नामेंट से पहले सिर्फ इंग्लैंड के खिलाफ खेला है. दुबई में पिछली बार टी20 विश्व कप को लेकर हमारे पास सुखद यादें नहीं है. दुबई में टॉस वास्तव में महत्वपूर्ण हो जाता है. मुझे लगता है कि टॉस जीतना महत्वपूर्ण होगा.” अश्विन ने कहा कि ट्रेंट बोल्ट और टिम साउदी की गैरमौजूदगी में भी न्यूजीलैंड भारत के लिए मुश्किल चुनौती पेश करेगा.

उन्होंने कहा, ”भारत के बाद, न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे मजबूत टीमों में से एक है. साउदी और बोल्ट जैसे खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं इसलिए उनके गेंदबाजी आक्रमण पर सवालिया निशान है. मैट हेनरी के साथ टीम में कौन होगा? क्या यह विल ओ-राउरकी होंगे, जो अगली पीढ़ी का चैंपियन बनने की क्षमता रखते हैं. क्या यह बेन सीयर्स होंगे? ” उन्होंने कहा, ” न्यूजीलैंड के पास माइकल ब्रेसवेल और ग्लेन फिलिप्स के साथ एक अनुभवी स्पिन आक्रमण है. यह देखना होगा कि कप्तान मिचेल सेंटनर अपने संसाधनों को किस तरह से इस्तेमाल करते है. न्यूजीलैंड निश्चित रूप से एक मजबूत टीम है. वे भारत को चुनौती देने वालों में से एक हैं.” अश्विन ने कहा कि आईसीसी टूर्नामेंटों में ऑस्ट्रेलिया हमेशा एक मजबूत टीम रही है.

उन्होंने कहा, ” कप्तान के रूप में स्टीव स्मिथ शानदार है. स्मिथ चैंपियंस ट्रॉफी में टीम की कप्तानी करने जा रहे हैं. क्या स्मिथ, हेड, मैक्सवेल और लाबुशेन ने टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचा पायेंगे? मेरा हमेशा से मानना है कि ऑस्ट्रेलिया एक चैंपियन टीम है जो हमेशा प्रमुख टूर्नामेंटों में अपने खेल के शीर्ष पर होती है.

उन्होंने कहा, ”ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी विभाग में कुछ समस्याएं हैं, ऐसे में टीम का प्रदर्शन काफी हद तक स्मिथ की फॉर्म और कप्तानी पर निर्भर करेगा.” नियमित कप्तान पैट कमिंस और जोश हेजलवुड चोटों के कारण गुरुवार को चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए. टीम को मिचेल मार्श की सेवाएं भी नहीं मिलेगी. वह पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और 31 जनवरी को टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे. मार्कस स्टोइनिस एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर चुके हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu