सिद्धरमैया हमारे नेता हैं, उनके नाम का गलत इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं: शिवकुमार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Feb 2025 07:52 PM
सिद्धरमैया हमारे नेता हैं, उनके नाम का गलत इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं: शिवकुमार
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी के निर्विवाद नेता हैं और किसी को भी उनके नाम का “दुरुपयोग” करके बयान देने की कोई जरूरत नहीं है. पार्टी के एक वर्ग का कहना है कि सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा करना चाहिए, जिसपर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवकुमार ने यह बयान दिया है. पार्टी नेताओं का कहना है कि इस साल के अंत में कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच अगले चुनाव में सत्ता बरकरार रखने के लिए सिद्धरमैया का नेतृत्व पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है. प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष शिवकुमार मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा को कई मौकों पर छिपा नहीं पाए हैं.

शिवकुमार ने कहा, “सिद्धरमैया हमारे मुख्यमंत्री हैं, वह हमारे नेता हैं, हम उन्हें सभी चुनावों में चाहते हैं. हम उन्हें जिला पंचायत, तालुक पंचायत, विधानसभा और संसद चुनावों में चाहते हैं. वह हमारे नेता हैं.” शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “कांग्रेस पार्टी ने सिद्धरमैया को दो बार मुख्यमंत्री बनाया है. किसी को भी आए दिन उनके नाम का दुरुपयोग करने की कोई जरूरत नहीं है. वह हमारे नेता हैं, कांग्रेस पार्टी के निर्विवाद नेता हैं. वह दूसरी बार मुख्यमंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं और अच्छा काम कर रहे हैं. मैं नहीं चाहता कि वह मीडिया (अटकलबाजी) का विषय बनें.” पार्टी नेताओं के बयानों के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा, “कोई भ्रम नहीं है, कांग्रेस पार्टी हर दिन हर चीज पर नजर रख रही है.” सिद्धरमैया मई 2023 से मुख्यमंत्री हैं. इससे पहले वह 2013 से 2018 तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu