बस्तर: तीन इनामी माओवादियों समेत चार नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Mar 2025 09:26 PM
बस्तर: तीन इनामी माओवादियों समेत चार नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
ऑडियो सुनें

सुकमा/कोंडागांव. छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के सुकमा और कोंडागांव जिले में तीन इनामी माओवादियों समेत चार नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सुकमा जिले में तीन नक्सलियों ने तथा कोंडागांव जिले में एक नक्सली ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है.

उन्होंने बताया कि सुकमा जिले में तीन नक्सलियों –मड़कम एर्रा बाबू (26), मड़कम हड़मा (41) और सोडी देवा (35) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली मड़कम एर्रा चेतना नाट्य मंडली का अध्यक्ष तथा मड़कम हड़मा दंडाकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन का अध्यक्ष है और दोनों के सर पर दो-दो लाख रुपये का इनाम है.

उन्होंने बताया कि इसी तरह कोंडागांव जिले में बारसूर एलओएस में पार्टी सदस्य के रूप में कार्यरत नक्सली राजमन होड़ी (36) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है. अधिकारियों ने बताया कि नक्सली राजमन के सिर पर एक लाख रुपये का इनाम है. उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के खिलाफ सड़क को नुकसान पहुंचाने, नक्सली बैनर पोस्टर लगाने समेत विभिन्न नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है.

अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ नक्सलवाद उन्मूलन एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर तथा नक्सलियों की अमानवीय, आधारहीन विचारधारा और बाहरी नक्सलियों के भेदभाव से तंग आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है. उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों को छत्तीसगढ़ नक्सलवाद उन्मूलन एवं पुनर्वास नीति के तहत नियमानुसार सहायता राशि और अन्य सुविधाएं दी जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu