नाबालिग से नृशंस दुष्कर्म और हत्या के मामले में दोषी को मिली ‘तिहरी’ मौत की सजा, मां-बहन को भी जेल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Mar 2025 10:35 PM
नाबालिग से नृशंस दुष्कर्म और हत्या के मामले में दोषी को मिली ‘तिहरी’ मौत की सजा, मां-बहन को भी जेल
ऑडियो सुनें

भोपाल. भोपाल की एक विशेष अदालत ने पिछले वर्ष एक नाबालिग लड़की के साथ नृशंस दुष्कर्म और हत्या के लिए तीन आरोपों में मंगलवार को 30 वर्षीय एक व्यक्ति दोषी करार देते हुए ‘तिहरी मौत की सजा’ सुनाई. यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम से संबंधित मामलों की सुनवाई कर रही विशेष न्यायाधीश कुमुदिनी पटेल ने मामले के संबंध में पुरुष आरोपी अतुल निहाले की मां और बहन को भी दो-दो साल कारावास की सजा सुनाई.

अभियोजन पक्ष के जनसंपर्क अधिकारी मनोज त्रिपाठी ने एक बयान में कहा कि भोपाल के शाहजहानाबाद क्षेत्र की पांच साल की बच्ची की सितंबर 2024 में बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी. उन्होंने बताया कि आरोपी को अपराध के लिए दोषी ठहराया गया और मौत की सजा सुनाई गई, जबकि उसकी मां और बहन को अपराध छिपाने का दोषी पाया गया. अधिकारी के अनुसार, यह पहली बार है कि राज्य में किसी व्यक्ति को तिहरी मौत की सजा सुनाई गई है.

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, नाबालिग लड़की 24 सितंबर, 2024 को शाहजहानाबाद इलाके में अपने चाचा के फ्लैट से निकलने के बाद लापता हो गई थी. घर से बाहर निकलने से पहले उसने अपनी दादी से कहा था कि वह 15 मिनट में वापस आ जाएगी. उन्होंने बताया कि जब लड़की घर वापस नहीं लौटी, तो उसकी दादी ने तलाश शुरू की, लेकिन जब वह नहीं मिली तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल किया और श्वान दस्ते की मदद ली. अधिकारी के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को आरोपी निहाले के फ्लैट से दुर्गंध आई. उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाया तो आरोपी की मां बसंती बाई और बहन चंचल ने पुलिस को बताया कि बदबू मरे हुए चूहों की वजह से आ रही है और उन्होंने अभी-अभी फर्श को फिनाइल से साफ किया है.

उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने तलाशी जारी रखी, तो दोनों महिलाएं शोर मचाने लगीं और र्किमयों को जांच करने से रोकने का प्रयास किया. हालांकि, महिला पुलिस ने उन्हें एक तरफ ले जाकर तलाशी जारी रखी और पाया कि बदबू एक सफेद प्लास्टिक की पानी की टंकी से आ रही थी और पुलिस टीम को उसमें पीड़िता का शव मिला.

त्रिपाठी ने बताया कि जांच के बाद में चिकित्सकों ने पुष्टि की कि लड़की के साथ नृशंस बलात्कार किया गया था और उसके निजी अंग को बुरी तरह से जख्मी कर दिया गया था. उन्होंने बताया कि अतुल निहाले और उसकी मां व बहन से पूछताछ के बाद पुलिस ने पीड़िता के कपड़े और अपराध में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया. अभियोजन पक्ष के पीआरओ ने बताया कि निहाले ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और पुलिस को बताया है कि उसकी मां और बहन ने अपराध छिपाने में मदद की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu