भारत की विरासत पर हमला, देश के लोगों का अपमान करने वाले देशद्रोह के बराबर है: मुख्यमंत्री योगी

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 20 Mar 2025 02:04 PM
भारत की विरासत पर हमला, देश के लोगों का अपमान करने वाले देशद्रोह के बराबर है: मुख्यमंत्री योगी
ऑडियो सुनें

बहराइच: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत की विरासत पर हमला करने वाले और देश के लोगों का अपमान करने वाले आक्रांताओं का महिमामंडन करना देशद्रोह के बराबर है। उन्होंने कहा कि ‘नया भारत’ इसे स्वीकार नहीं कर सकता।

मुगल शासक औरंगजेब से जुड़े विवादों के बीच आदित्यनाथ ने बहराइच में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति को रौंदने की कोशिश करने वालों आक्रांताओं का जश्न मनाने के खिलाफ चेतावनी दी।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘आक्रांताओं का महिमामंडन करने का मतलब देशद्रोह की जड़ों को मजबूत करना है। नया भारत उन लोगों को कभी स्वीकार नहीं करेगा जो हमारे महान पूर्वजों का अपमान करते हैं और उन लोगों की प्रशंसा करते हैं जिन्होंने हमारी सभ्यता पर हमला किया, हमारी महिलाओं का अपमान किया और हमारी आस्था पर प्रहार किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब भारत की सनातन संस्कृति का गुणगान दुनिया कर रही है तब भारत के महापुरुषों के प्रति सम्मान का भाव, हर नागरिक का दायित्व होना चाहिए। किसी भी आक्रांता का महिमामंडन नहीं करना चाहिए।’’ उनकी टिप्पणी हाल ही में संपन्न प्रयागराज महाकुंभ-2025 के बारे में बोलते हुए आई, जिसे उन्होंने अब तक का सबसे बड़ा मानव समागम बताया।

उन्होंने संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण का हवाला दिया, जिसमें मोदी ने इस आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दुनिया में कहीं और इतना बड़ा आयोजन नहीं हुआ है तथा कोई भी देश इस पैमाने पर किसी भी तरह का आयोजन नहीं कर सकता है। यह भारत की सनातन संस्कृति का प्रमाण है, जो आने वाली पीढि़यों को प्रेरित करेगा।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital