चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय टीम को बीसीसीआई की ओर से 58 करोड़ रूपये नकद पुरस्कार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 20 Mar 2025 09:17 PM
चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय टीम को बीसीसीआई की ओर से 58 करोड़ रूपये नकद पुरस्कार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बीसीसीआई ने दुबई में इस महीने आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के लिये 58 करोड़ रूपये नकद पुरस्कार का ऐलान किया . रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर तीसरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी जीती . यह पुरस्कार खिलाड़ियों, कोचिंग और सहयोगी स्टाफ और अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति को मिलेगा . बोर्ड ने अपने बयान में यह नहीं बताया कि किसे कितना पुरस्कार मिलेगा .

बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने एक बयान में कहा ,” लगातार दो आईसीसी खिताब जीतना खास है . यह पुरस्कार विश्व स्तर पर टीम इंडिया की प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता के लिये है .” बिन्नी ने कहा कि चैम्पियंस ट्रॉफी की जीत भारत के मजबूत क्रिकेट इको सिस्टम की बानगी है .

उन्होंने कहा ,” यह 2025 में हमारा दूसरा आईसीसी खिताब है . आईसीसी अंडर 19 महिला टीम ने भी विश्व कप जीता . इससे साबित होता है कि देश में क्रिकेट का इको सिस्टम कितना मजबूत है .” भारतीय टीम ने पिछले साल टी20 विश्व कप भी जीता था .
बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने कहा कि इस जीत से साबित होता है कि भारत सीमित गेंद के प्रारूपों में शीर्ष रैंकिंग का हकदार है.

सैकिया ने कहा ,” विश्व क्रिकेट में भारत का दबदबा कड़ी मेहनत और कुशल रणनीति का नतीजा है . इस जीत से साबित होता है कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत शीर्ष रैंकिंग का हकदार है और हमें यकीन है कि आगे भी टीम यूं ही प्रदर्शन करती रहेगी .” उन्होंने कहा ,” खिलाड़ियों ने जिस प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रदर्शन किया है, उससे नये मानदंड कायम हुए हैं . हमें यकीन है कि भारतीय क्रिकेट आगे भी विश्व स्तर पर नयी ऊंचाइयों को छूता रहेगा .’ बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने आईसीसी टूर्नामेंट में दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन किया है . उन्होंने कहा ,” खिलाड़ियों ने दबाव में भी शानदार प्रदर्शन किया . उनकी सफलता देश में उदीयमान क्रिकेटरों के लिये प्रेरणास्रोत बनेगी . टीम ने फिर साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट कौशल, मानसिक दृढता और जीत की मानसिकता की मजबूत नींव पर खड़ा है .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu