बस चलाते समय मोबाइल फोन पर क्रिकेट मैच देखने वाला चालक बर्खास्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Mar 2025 08:16 PM
बस चलाते समय मोबाइल फोन पर क्रिकेट मैच देखने वाला चालक बर्खास्त
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) ने कथित तौर पर गाड़ी चलाते समय अपने मोबाइल फोन पर क्रिकेट मैच देखने वाले एक बस चालक को रविवार को बर्खास्त कर दिया. एक अधिकारी ने बताया कि परिवहन प्राधिकरण ने राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के निर्देश पर यह कार्रवाई की, जब एक यात्री ने उन्हें चालक का वीडियो भेजा. उन्होंने बताया कि यह घटना 22 मार्च को मुंबई-पुणे मार्ग पर ई-शिवनेरी बस में घटी. बस में सवार एक यात्री ने चालक का अपने मोबाइल फोन पर क्रिकेट मैच देखते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और वह क्लिप परिवहन मंत्री को भेज दी. यात्री ने वीडियो को सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया और मंत्रियों तथा मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को टैग किया. सरनाईक ने तुरंत एमएसआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

निर्देश के बाद, स्थानीय अधिकारियों ने एक निजी बस संचालक द्वारा नियोजित चालक को यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में बर्खास्त कर दिया तथा सेवा के लिए जिम्मेदार निजी कंपनी पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया. सरनाईक ने कहा, “ई-शिवनेरी मुंबई-पुणे मार्ग पर एक प्रमुख सेवा है. इस बस से कई लोग यात्रा करते हैं. यह सेवा दुर्घटना-मुक्त होने के लिए जानी जाती है. उन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना आवश्यक है जो लापरवाही से वाहन चलाते हैं और यात्रियों की जान को खतरे में डालते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu