डिज्नीलैंड में छुट्टियां मनाने के बाद भारतीय मूल की महिला ने गला रेतकर की बेटे की हत्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Mar 2025 08:54 PM
डिज्नीलैंड में छुट्टियां मनाने के बाद भारतीय मूल की महिला ने गला रेतकर की बेटे की हत्या
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. भारतीय मूल की एक महिला पर ‘डिज्नीलैंड’ में तीन दिन छुट्टियां मनाने के बाद अपने 11 वर्षीय बेटे की गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है. डिज्नीलैंड कैलिफोर्निया के एनाहिम में स्थित एक ‘थीम पार्क’ है. कैलिफोर्निया में ऑरेंज काउंटी के जिला अटॉर्नी कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान में बताया गया कि यदि सरिता रामाराजू (48) दोषी पाई जाती है तो उसे अधिकतम 26 वर्ष की सजा हो सकती है.

सरिता 2018 में अपने पति से तलाक लेने के बाद कैलिफोर्निया से चली गई थी. तलाक के बाद सरिता के बेटे का संरक्षण उसके पास नहीं था लेकिन उसे अपने बेटे से मिलने की अनुमति थी. घटना से पहले सरिता अपने बेटे के साथ सांता एना के एक मोटल में ठहरी थी. उसने अपने और अपने बेटे के लिए डिज्नीलैंड के तीन दिवसीय पास खरीदे थे.

सरिता को 19 मार्च को जिस दिन मोटल से जाना था और अपने बेटे को उसके पिता को सौंपना था, उसने उसी दिन सुबह नौ बजकर 12 मिनट पर पुलिस को फोन करके बताया कि उसने अपने बेटे की हत्या कर दी है और आत्महत्या करने के लिए गोलियां खा ली हैं.
सांता एना पुलिस जब मोटल पहुंची तो उसने देखा कि बच्चा डिज्नीलैंड की यादगार वस्तुओं के बीच एक कमरे में बिस्तर पर मृत पड़ा था. पुलिस के बयान में कहा गया कि ऐसा प्रतीत होता है कि लड़के की कई घंटों पहले ही हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने बताया कि मोटल के कमरे के अंदर एक बड़ा चाकू मिला जिसे एक दिन पहले खरीदा गया था. अज्ञात पदार्थ के सेवन के बाद सरिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसे बृहस्पतिवार को छुट्टी दे दी गई. उसे अपने बेटे की हत्या करने के संदेह में गिरफ्तार कर लिया गया.

हालांकि बयान में मृत लड़के का नाम नहीं बताया गया लेकिन ‘एनबीसी लॉस एंजिलिस’ समाचार चैनल की एक रिपोर्ट में उसकी पहचान यतिन रामाराजू के रूप में की गई. सरिता और उसके पति प्रकाश राजू के बीच अपने बेटे के संरक्षण के अधिकार को लेकर पिछले साल से कानूनी लड़ाई चल रही थी. बच्चे के संरक्षण का अधिकार उसके पिता प्रकाश को सौंपा गया था. ऑरेंज काउंटी के जिला अटॉर्नी टॉड स्पिट्जर ने कहा, ”किसी बच्चे के लिए सबसे सुरक्षित जगह उसके माता-पिता की बाहों में होनी चाहिए. अपने बेटे को प्यार से गले लगाने के बजाय उसने उसका गला काट दिया….”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu