बिहार की वित्तीय स्थिति और मुख्यमंत्री का बिगड़ता स्वास्थ्य चिंता का विषय: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Mar 2025 10:34 PM
बिहार की वित्तीय स्थिति और मुख्यमंत्री का बिगड़ता स्वास्थ्य चिंता का विषय: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

पटना. कांग्रेस ने बिहार में सरकार बदलने का आह्वान करते हुए रविवार को यह दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 20 साल के शासन के बाद राज्य की वित्तीय स्थिति और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति चिंता का विषय है.
यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने नारा दिया, ‘सरकार बदलो, बिहार बदलो’.

खेड़ा ने दावा किया, ”बिहार की वित्तीय स्थिति और मुख्यमंत्री की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति गंभीर चिंता का विषय है. हम उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं, लेकिन बिहार की वर्तमान स्थिति गंभीर सवाल उठाती है. अस्वस्थ मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार कितना सुरक्षित है? जब वह बिहार में महागठबंधन के साथ थे, तब उनका स्वास्थ्य ठीक था. पिछले साल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हाथ मिलाने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई.” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि कुमार की स्वास्थ्य स्थिति चिंता का विषय है, क्योंकि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि राज्य में क्या हो रहा है.

उन्होंने यह भी दावा किया कि कैग की रिपोर्ट में पहले ही कहा जा चुका है कि बिहार में बच्चों में कुपोषण बढ़ रहा है. कांग्रेस नेता ने दावा किया, ”बिहार को बदलने की जरूरत है और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना आवश्यक है. हम आज एक नया नारा दे रहे हैं ‘सरकार बदलो, बिहार बदलो’. हम लोगों के सामने बिहार सरकार का विस्तृत एक्स-रे पेश करेंगे. इससे पता चलेगा कि सरकार कैसे विफल रही.” उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के पास बिहार के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu