उत्तराखंड: चारधाम तीर्थयात्रियों के लिए स्वास्थ्य परामर्श जारी

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 28 Mar 2025 03:36 PM
उत्तराखंड: चारधाम तीर्थयात्रियों के लिए स्वास्थ्य परामर्श जारी
ऑडियो सुनें

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए स्वास्थ्य परामर्श जारी किया है, जिसमें उनसे यात्रा शुरू करने से पहले स्वास्थ्य जांच कराने को कहा गया है। परामर्श में तीर्थयात्रियों से यात्रा से पहले पैदल चलने का अभ्यास करने, प्राणायाम और हृदय संबंधी व्यायाम करने को भी कहा गया है।

हर साल चारधाम यात्रा के दौरान कई तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण मृत्यु हो जाती है। तीर्थयात्रियों की मृत्यु के सबसे आम कारण ऊंचाई पर होने वाली बीमारी, आॅक्सीजन की कमी और हृदयाघात हैं।
आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले वर्ष यात्रा के दौरान स्वास्थ्य कारणों से 246 जबकि 2023 में 242 तीर्थयात्रियों की मृत्यु हुई थी।

यह परामर्श 12 भाषाओं में जारी किया गया है जिसमें श्रद्धालुओं से अपने साथ पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां रखने को कहा गया है। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यात्रा 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने के साथ शुरू होगी। केदारनाथ धाम के कपाट दो मई को और बद्रीनाथ धाम के कपाट चार मई को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे।

परामर्श के अनुसार, श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य एवं पर्यटन पंजीकरण ऐप पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना चाहिए। यात्रा के दौरान उन्हें पर्याप्त पानी, संतुलित आहार और हल्के गर्म पेय पदार्थों का सेवन करना चाहिए।
साथ ही, तीर्थयात्रियों से यात्रा के दौरान ज़रूरत पड़ने पर अपने स्वास्थ्य की जांच के लिए यात्रा मार्ग पर बनाए गए जांच केंद्रों और चिकित्सा राहत चौकियों का लाभ उठाने के लिए कहा गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital