हर दिल अजीज अभिनेता मनोज कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 05 Apr 2025 03:12 PM
हर दिल अजीज अभिनेता मनोज कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
ऑडियो सुनें

मुंबई: ‘‘उपकार’’ और ‘‘क्रांति’’ जैसी फिल्मों में देशभक्त नायक की भूमिका निभाकर ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर हुए अभिनेता मनोज कुमार का शनिवार को यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

उपनगरीय जुहू स्थित पवन हंस श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के वक्त अमिताभ बच्चन और सलीम खान सहित मनोरंजन जगत की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। अंतिम संस्कार के वक्त उन्हें तीन बंदूकों की सलामी भी दी गई।

अंतिम संस्कार करीब 11:30 बजे शुरू हुआ और कुमार के दो बेटों – विशाल और कुणाल – ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। मनोज कुमार का शुक्रवार तड़के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया था। वह 87 वर्ष के थे।

अभिषेक बच्चन, अरबाज खान, सुभाष घई, अनु मलिक, जायद खान, प्रेम चोपड़ा और राजपाल यादव भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। अभिनेता के पार्थिव देह को लेकर एक एम्बुलेंस सुबह करीब 10:30 बजे अंतिम संस्कार के लिए उनके आवास से रवाना हुई। कुमार के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया था।

उनके निधन के बाद धर्मेंद्र, प्रेम चोपड़ा, मधुर भंडारकर, फराह खान और उनके भाई साजिद खान सहित कई अन्य हस्तियां शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास पर पहुंचीं।
मनोज कुमार के परिवार में दो बेटे और पत्नी शशि हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital