
नयी दिल्ली. ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो के विवादास्पद एपिसोड में शामिल कॉमेडियन व ‘इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर’ अपूर्वा मुखीजा ने शो में अपने द्वारा की गई टिप्पणियों के लिए माफ.ी मांगी और कहा है कि उन्हें अपने शब्दों को लेकर सावधानी बरती चाहिए थी. अपने 30 लाख से अधिक ‘फॉलोअर्स’ के बीच ‘द रिबेल किड’ के नाम से मशहूर मुखीजा ने पिछले सप्ताह अपने सभी पोस्ट तब हटा दिए जब उन्हें ऑनलाइन’ माध्यम से धमकियों का सामना करना पड़ा. वह उस टीम का हिस्सा थीं, जिसमें यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने अभिभावकों और यौन संबंधों पर विवादास्पद टिप्पणी की थी. इसको लेकर इलाहबादिया की कड़ी आलोचना की गई, वहीं मुखीजा के एक वीडियो क्लिप को लेकर भी सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने नकारात्मक प्रतिक्रिया दी. ‘यूट्यूब’ शो के निर्माता कॉमेडियन समय रैना ने बाद में शो के सभी एपिसोड हटा दिए. रैना, इलाहाबादिया, मुखीजा और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ उनकी टिप्पणियों के लिए मामले दर्ज किए गए.
मुखीजा ने बुधवार शाम अपने ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ”…मैंने बहुत से लोगों को दुख पहुंचाया है और ईमानदारी से कहूं तो यह आखिरी चीज. है जो मैं करना चाहती हूं. मैं वास्तव में लोगों का मनोरंजन करने और उन्हें हंसाने के लिए सामग्री तैयार करती हूं. मैं कभी किसी को दुख नहीं पहुंचाना चाहती थी और मुझे बहुत, बहुत खेद है. मुझे अपने शब्दों पर अधिक ध्यान देना चाहिए था लेकिन मैंने अपना सबक सीख लिया है और मैं वादा करती हूं कि मैं आगे बेहतर करूंगी. मुझे उम्मीद है कि आप लोग मुझे माफ. कर देंगे… अगर मैंने आपकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है तो मुझे बहुत खेद है.” मुखीजा ने कहा कि उन्हें इस लोकप्रिय शो में आमंत्रित किए जाने पर बहुत खुशी हुई, जिसकी शूटिंग छह-सात घंटे तक चली और बीच में 30 मिनट का ब्रेक भी लिया गया.
महिला आयोग ने अपूर्वा मुखीजा को ऑनलाइन धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने बृहस्पतिवार को कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आग्रह किया कि वे विवादास्पद वेब शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया ‘इन्फ्लूएंसर’ अपूर्वा मुखीजा को बलात्कार और जान से मारने की धमकियां देने वाले लोगों की पहचान करें और उनके खिलाफ मुकदमा चलाएं.
एनसीडब्ल्यू ने ऑनलाइन माध्यमों से दी गईं धमकियों के स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया मंचों पर मुखीजा के लिए भेजे गए अपमानजनक संदेशों का स्वत: संज्ञान लिया और ऐसे संदेशों की निंदा की. ऑनलाइन दुर्व्यवहार को ”घृणित” करार देते हुए आयोग ने जोर देकर कहा कि किसी भी महिला को सार्वजनिक स्थानों या डिजिटल दुनिया में असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए.
आयोग ने कहा, ”यौन हिंसा या जान से मारने की धमकियां देना एक खतरनाक प्रवृत्ति को दर्शाता है और इससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए.” आयोग ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से धमकियों के पीछे के लोगों की पहचान करने और उन पर मुकदमा चलाने का आग्रह किया.
एनसीडब्ल्यू ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय कुमार वर्मा को पत्र लिखकर मामले की तत्काल और गहन जांच करने को कहा है और तीन दिन के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है. आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि मुखीजा को आवश्यक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए.
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब कुछ सप्ताह पहले एनसीडब्ल्यू ने हास्य कलाकार समय रैना की मेजबानी वाले शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ के एक कार्यक्रम के दौरान की गई अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर मुखीजा और रणवीर इलाहबादिया सहित कई सोशल मीडिया ‘इन्फ्लूएंसर’ को तलब किया था. मुखीजा और इलाहबादिया दोनों ही मार्च की शुरुआत में आयोग के समक्ष पेश हुए थे और उन्होंने घटना पर खेद व्यक्त किया था.



