रूसी दिख रहे लोगों द्वारा यूक्रेनी बंदियों की हत्या वाले वीडियो से उठे सवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Apr 2025 10:19 PM
रूसी दिख रहे लोगों द्वारा यूक्रेनी बंदियों की हत्या वाले वीडियो से उठे सवाल
ऑडियो सुनें

रोम. यूक्रेन-रूस युद्ध के ऐसे दो वीडियो सामने आए हैं जो युद्ध के बारे में दो अलग-अलग कहानियां कहते हैं. इनमें से एक में जहां यूक्रेन के युद्धबंदी जीवित दिखाई देते हैं तो दूसरे में, वे मृत दिखाई देते हैं. ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को एक यूक्रेनी ड्रोन का वीडियो प्राप्त हुआ है जिसमें रूसी वर्दी पहने सैनिकों को कीव के सैनिकों को मारते हुए दिखाया गया है जिन्होंने उनके सामने आत्मसमर्पण कर दिया था.

एजेंसी ने उसी घटना का एक दूसरा वीडियो भी खोजा है, जिसे रूसी ड्रोन द्वारा रिकॉर्ड किया गया है, जो इस बात पर प्रकाश डालता है कि मॉस्को इसे कैसे दिखाना चाह रहा है. इन वीडियो का एक साथ विश्लेषण करने पर ये तीन साल पुराने युद्ध के एक महत्वपूर्ण समय में एक बड़ी कहानी बयां करते हैं. आइए, तस्वीरों और उनके निहितार्थों के बारे में जानते हैं.

यूक्रेनी वीडियो क्या दर्शाता है? यूक्रेनी अधिकारियों ने जिस यूरोपीय देश के साथ वीडियो साझा किया है, उसके सैन्य अधिकारियों के अनुसार, यह वीडियो यूक्रेन की 128वीं माउंटेन ब्रिगेड द्वारा 13 मार्च को दक्षिणी यूक्रेन के पियातिखातकी गांव के बचे हुए हिस्से में लिया गया था. एपी ने अधिकारियों से इस शर्त पर वीडियो प्राप्त किया कि उनकी पहचान जाहिर नहीं की जाएगी क्योंकि उन्हें इसे जारी करने का अधिकार नहीं था.

वीडियो में चार यूक्रेनी दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया था. वे मुंह के बल जमीन पर लेटे हुए हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि उनकी तलाशी लेने के बाद, एक रूसी व्यक्ति एक कैदी के पास जाता है, अपनी बंदूक उठाता है और गोलीबारी शुरू कर देता है. वीडियो को देखें तो एक अन्य सैनिक भी गोली चलाता है, फिर उसे लोड करता है. एक तीसरा रूसी इसमें शामिल हो जाता है, और करीब से कम से कम दो गोलियां चलाता है, जिससे एक व्यक्ति का हेलमेट – और सिर – उड़ जाता है. इस तरह रूसी जवान एक-एक करके चारों को मार गिराते हैं.

रूसी वीडियो क्या दिखाता है?
उसी दिन पियातीखातकी में रूस के एक ड्रोन द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो एपी को रूस समर्थक एक सोशल मीडिया मंच से मिला. इसकी पृष्ठभूमि में भयावह और कर्कश संगीत है और इसमें तीन रूसी सैनिकों को दिखाया गया है जो बंदूक की नोंक पर, आत्मसमर्पण करने वाले यूक्रेनी नागरिकों को एक खंडहर से बाहर निकालते हैं. इसके बाद यूक्रेनी सैनिकों को जमीन पर पड़ा दिखा गया है, लेकिन जिंदा.

इस बारे में यूक्रेन की 128वीं माउंटेन ब्रिगेड एजेंसी ने कहा कि वह टिप्पणी नहीं कर सकती क्योंकि मौतों की जांच संदिग्ध युद्ध अपराध के रूप में की जा रही है. यूक्रेन की एजेंसी ने जांच शुरू करने की पुष्टि की. रूस के रक्षा मंत्रालय ने इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
यूक्रेन के युद्धबंदियों से रूस के व्यवहार के बारे में पूछे जाने पर क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस आत्मसमर्पण करने वाले यूक्रेनी सैनिकों के साथ अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार व्यवहार करता है और युद्धबंदियों की हत्या को प्रोत्साहित नहीं करता.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu